3 वर्षीय बच्ची से रिश्तेदार ने किया यौन शोषण, मां की सतर्कता से खुला मामला

    14-Nov-2026
Total Views |
- वाड़ी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत आरोपी को किया गिरफ्तार, बच्ची की मेडिकल जांच में हुई पुष्टि
- घर में अकेली थी बच्ची, रिश्तेदार ने उठाया मौके का फायदा

Image Source:(Internet)

नागपुर।
नागपुर में 13 वर्षीय बच्ची के यौन शोषण का मामला सामने आया है। वाड़ी पुलिस ने इस मामले में बच्ची के एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर की है। उस समय बच्ची घर पर अकेली थी और उसके माता-पिता काम पर गए हुए थे। इसी दौरान परिवार का परिचित और रिश्तेदार आरोपी घर पहुंचा। परिवार का उस पर भरोसा होने के कारण किसी को उसकी नीयत पर संदेह नहीं था। आरोप है कि घर में बच्ची को अकेला पाकर उसने उसके साथ यौन शोषण किया। शाम को जब बच्ची की मां घर लौटीं, तो बच्ची ने उन्हें आपबीती बताई। इसके बाद मां ने बिना देर किए वाड़ी पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मां की सतर्कता और तत्काल कार्रवाई से मामला सामने आया।

मेडिकल जांच में पुष्टि, पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तत्काल मेडिकल जांच कराई। इसमें उसके साथ हुए शोषण की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है। बच्ची की पहचान और उससे जुड़ी अन्य व्यक्तिगत जानकारियां कानून के प्रावधानों के तहत गोपनीय रखी गई हैं।