नागपुर में लागू हो सकता है ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नियम! सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष ने प्रशासन को दिया सुझाव

    14-Nov-2026
Total Views |
- दिसंबर तक मांगी सभी विभागों से रिपोर्ट
- पेट्रोल पंपों पर हेलमेट के बिना नहीं मिलेगा पेट्रोल!

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज नेटवर्क।
नागपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब ‘नो हेलमेट, नो पेट्रोल’ नीति लागू करने पर विचार किया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष और पूर्व न्यायाधीश अभय सप्रे ने प्रशासन को इस दिशा में प्रस्ताव पर विचार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं देने की व्यवस्था पर विचार किया जाए। इसके अलावा सरकारी विभागों, औद्योगिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों में बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के आने वाले लोगों को प्रवेश नहीं देने का सुझाव भी दिया। हालांकि, यह फिलहाल केवल सुझाव है, कोई लागू नियम नहीं। सप्रे ने बताया कि देश के 100 जिलों में सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा हिस्सा दर्ज होता है, जिनमें महाराष्ट्र के 9 जिले शामिल हैं। देश में हर साल करीब 5 लाख सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें लगभग 2 लाख लोगों की जान जाती है। बैठक में यह भी सामने आया कि नागपुर के शहरी क्षेत्र की तुलना में ग्रामीण इलाकों में दुर्घटनाएं अधिक होती हैं।

संकरे रास्ते, भारी वाहन और खराब रोशनी भी दुर्घटनाओं की वजह
सप्रे ने कहा कि केवल नियम बनाने से सड़क दुर्घटनाओं पर रोक नहीं लगेगी, इसके लिए सख्त अमल और जनजागरूकता भी जरूरी है। बैठक में संकरी सड़कें, भारी वाहनों की आवाजाही, गलत तरीके से वाहन चलाना और सड़कों पर पर्याप्त रोशनी का अभाव दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के रूप में सामने आए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को दुर्घटना में घायल लोगों को जल्द से जल्द नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सभी संबंधित एजेंसियों को दिसंबर तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। प्रशासन का लक्ष्य जिले में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या को शून्य तक लाना है।