एफआईआर दर्ज होने के बाद भी कंगना रनौत का सोनिया गांधी पर हमला! विक्रम साराभाई की मौत पर उठाए सवाल

    14-Nov-2026
Total Views |
- सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कांग्रेस नेता पर साधा निशाना
- हिमाचल प्रदेश पुलिस ने तीन धाराओं में दर्ज किया मामला
- एफआईआर के बीच कंगना ने उठाए विक्रम साराभाई की मौत पर सवाल

Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेवटर्क।
भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को लेकर अपने सोशल मीडिया पोस्ट के कारण चर्चा में हैं। हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद भी कंगना ने सोनिया गांधी पर निशाना साधना जारी रखा है। इस बार उन्होंने देश के प्रसिद्ध वैज्ञानिक और भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक माने जाने वाले डॉ. विक्रम साराभाई की मृत्यु को लेकर सवाल उठाए हैं। कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि एक महिला शादी करके नए देश, नए परिवेश और संस्कृति में आती है और तुरंत सैटेलाइट सेंटर पहुंच जाती है। इसके बाद उन्होंने दावा करते हुए लिखा कि दो साल बाद काम के सिलसिले में यात्रा पर गए विक्रम साराभाई की 52 वर्ष की उम्र में रहस्यमय परिस्थितियों में नींद में मृत्यु हो जाती है। इन टिप्पणियों के साथ उन्होंने सोनिया गांधी और राजीव गांधी की एक तस्वीर तथा सोनिया गांधी के साथ विक्रम साराभाई की तस्वीर भी साझा की। हालांकि, उन्होंने पोस्ट में सीधे तौर पर सोनिया गांधी का नाम नहीं लिखा, लेकिन तस्वीरों और टिप्पणियों से उनका निशाना स्पष्ट दिखाई दिया। गौरतलब है कि सोनिया गांधी की आत्मकथात्मक पुस्तक 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' के आने के बाद से कंगना लगातार उन्हें लेकर टिप्पणियां कर रही हैं।

इंदिरा, राजीव और संजय गांधी की मौत से जुड़े पोस्ट पर एफआईआर
कंगना रनौत के खिलाफ हिमाचल प्रदेश पुलिस ने 10 नवंबर को उनके सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की गई कथित सामग्री को लेकर मामला दर्ज किया है। शिमला के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कंगना की पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और संजय गांधी की मृत्यु को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। इस मामले में शिकायतकर्ता ने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी को ईमेल भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही मामले की समयबद्ध साइबर फॉरेंसिक जांच कराने का अनुरोध भी किया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की तीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। इनमें धारा 196 विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने से संबंधित है, जबकि धारा 353 सार्वजनिक शरारत पैदा करने वाले बयानों से जुड़ी है। वहीं, धारा 356 मानहानि के मामलों में लागू होती है।

सोनिया गांधी की किताब के बाद बढ़ी बयानबाजी

सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव' के सार्वजनिक होने के बाद से कंगना रनौत लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से उन पर टिप्पणियां कर रही हैं। उनके हालिया पोस्ट में विक्रम साराभाई की मृत्यु का जिक्र भी इसी सिलसिले की एक कड़ी माना जा रहा है। कंगना ने अपनी पोस्ट में सोनिया गांधी, राजीव गांधी और विक्रम साराभाई से जुड़ी तस्वीरों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने वैज्ञानिक की मृत्यु की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं, लेकिन उनके द्वारा किए गए दावों के समर्थन में कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि डॉ. विक्रम साराभाई का निधन 30 दिसंबर 1971 को केरल के कोवलम में हुआ था। वे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान कार्यक्रम के संस्थापक और देश के प्रमुख वैज्ञानिकों में शामिल थे। उनकी मृत्यु को लेकर कंगना की टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर राजनीतिक चर्चा को फिर हवा दे दी है। एक ओर उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर कानूनी कार्रवाई की चर्चा है, वहीं दूसरी ओर उनके नए बयान ने कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को बढ़ा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कंगना की सोशल मीडिया टिप्पणियों को लेकर विवाद जारी है।