भाऊबीज के अगले दिन 22 वर्षीय युवती ने दो लोगों को दिया नया जीवन

    14-Nov-2026
Total Views |
एम्स नागपुर में ब्रेन स्टेम डेथ के बाद परिजनों ने किया अंगदान
दोनों किडनी के साथ कॉर्निया भी किए गए दान
परिवार के दुख के बीच भाई ने लिया अंगदान का फैसला

Image Source:(Internet)

नागपुर। नागपुर में भाऊबीज के अगले दिन एक परिवार के दुख ने दो लोगों को नया जीवन देने का माध्यम बनकर मिसाल पेश की। मध्यप्रदेश के डिंडोरी निवासी 22 वर्षीय सुमन साहू का एम्स नागपुर में निधन होने के बाद उनके परिजनों ने अंगदान का निर्णय लिया। सुमन वनस्पति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन की छात्रा थीं। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। जांच में उनके मस्तिष्क के बाईं ओर एक रक्तवाहिका में सूजन का पता चला। डॉक्टरों ने एंडोवस्कुलर कॉइलिंग प्रक्रिया से उपचार किया, लेकिन उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद मेडिकल कमेटी ने उन्हें ब्रेन स्टेम डेड घोषित कर दिया। इस कठिन समय में उनके 32 वर्षीय भाई अश्विनीकुमार साहू ने अंगदान की सहमति देकर दूसरों की जिंदगी बचाने का फैसला किया।

दो मरीजों का हुआ किडनी ट्रांसप्लांट, कॉर्निया भी किए दान

राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुसार, सुमन के अंगों का आवंटन जोनल ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेशन कमेटी (जेडटीसीसी) के माध्यम से किया गया। उनकी एक किडनी एम्स में भर्ती 28 वर्षीय पुरुष मरीज को और दूसरी किंग्सवे अस्पताल में भर्ती 31 वर्षीय पुरुष मरीज को आवंटित की गई। दोनों मरीजों का किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। इसके अलावा सुमन की आंखों के कॉर्निया भी दान किए गए। जेडटीसीसी के 12 नवंबर तक के आंकड़ों के अनुसार, नागपुर में वर्ष 2013 से अब तक 204 ब्रेन डेड डोनर के अंगदान दर्ज किए जा चुके हैं। इस वर्ष यह 19वां अंगदान है।