
Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध बेटिंग प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों को निशाना बनाकर की गई। छापेमारी अमृतसर, दिल्ली, नागपुर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और मुंबई सहित विभिन्न शहरों में की गई।
इस दौरान कई लाइव बेटिंग पैनलों का पता लगाकर उन्हें बंद कराया गया। जांच एजेंसी ने डिजिटल उपकरण, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इन दस्तावेजों से म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल से जुड़े संकेत मिले हैं। यह कार्रवाई मामले के प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में हुए खुलासों के आधार पर की गई। उसे ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 1 नवंबर को सीबीआई ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में है।