छेड़छाड़ का विरोध करने पर 20 वर्षीय युवती को चलती लोकल ट्रेन से दिया धक्का! हाथ गंवाया

    12-Nov-2026
Total Views |
नायगांव स्टेशन पर हुई घटना, 53 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Image Source:(Internet)

नागपुर/पालघ
र: महाराष्ट्र के पालघर जिले में छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक 20 वर्षीय युवती को लोकल ट्रेन से धक्का देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में युवती का बायां हाथ कोहनी के नीचे से काटना पड़ा। यह घटना 4 नवंबर को नायगांव रेलवे स्टेशन पर हुई। पुलिस ने मामले में 53 वर्षीय आरोपी जितेंद्र हिरमुखे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज की जांच के आधार पर की गई। उसने वारदात के दौरान अपना चेहरा कपड़े से ढंक रखा था, जिसके कारण शुरुआत में उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। हालांकि, पुलिस ने नायगांव स्थित उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया।

दिव्यांगों के कोच में हुई छेड़छाड़
पुलिस के अनुसार, आरोपी नायगांव ईस्ट के वाकीपाड़ा का निवासी है और कथित तौर पर कैंसर से पीड़ित है। वह लोकल ट्रेन के दिव्यांगों के लिए आरक्षित कोच में सफर कर रहा था। इसी दौरान 20 वर्षीय युवती शाम के व्यस्त समय में बोरीवली स्टेशन से गलती से उसी कोच में चढ़ गई। वह विरार की ओर जाने वाली फास्ट लोकल से यात्रा कर रही थी। आरोप है कि आरोपी ने युवती को अकेला पाकर उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। युवती ने इसका विरोध किया और आरोपी को टोक दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। ट्रेन के नायगांव स्टेशन पहुंचने के बाद भी कहासुनी जारी रही। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर युवती को ट्रेन से धक्का दे दिया।

ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरी युवती
धक्का लगने से युवती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खाली जगह में जा गिरी। वह खुद को संभालकर उठने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चल पड़ी। इसकी चपेट में आने से उसका बायां हाथ बुरी तरह कुचल गया और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद युवती को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे इलाज के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसका बायां हाथ कोहनी के नीचे से काटने का फैसला लिया। इस घटना के बाद रेलवे परिसर में महिला यात्रियों की सुरक्षा और लोकल ट्रेन के डिब्बों में होने वाली छेड़छाड़ की घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।