बिजली कक्ष से सुरक्षित निकाला गया दुर्लभ जीव
Image Source:(Internet)
नागपुर।
शुक्रवार दोपहर नीरी (NEERI) परिसर, दीक्षाभूमि के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक इंडियन सिवेट (Indian Civet) बिजली कक्ष के भीतर फंस गया। सूचना मिलते ही प्रसिद्ध वन्यजीव रेस्क्यूर और सर्पमित्र संतोष सोनी मौके पर पहुंचे और करीब दोपहर 12 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। अपने लंबे अनुभव का उपयोग करते हुए उन्होंने बिना किसी नुकसान के सिवेट को सुरक्षित बाहर निकाला। यह पूरा अभियान बेहद शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया गया, जिससे न तो जानवर को कोई चोट आई और न ही वहां मौजूद लोगों को कोई खतरा हुआ।
भ्रम दूर कर दिया जागरूकता का संदेश
रेस्क्यू के बाद संतोष सोनी ने सुरक्षा कर्मियों और स्थानीय लोगों को इंडियन सिवेट के बारे में जानकारी देकर फैली गलतफहमियों को दूर किया। उन्होंने बताया कि यह जीव आमतौर पर घरेलू बिल्ली जैसा दिखता है, लेकिन यह एक शांत, शर्मीला और रात में सक्रिय रहने वाला स्तनधारी है, जो इंसानों से दूर रहना पसंद करता है। सिवेट को आगे उपचार और पुनर्वास के लिए सेमिनरी हिल्स स्थित ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया। खास बात यह रही कि यह रेस्क्यू संतोष सोनी के जन्मदिन के दिन हुआ। उन्होंने कहा कि अपने जन्मदिन पर एक बेजुबान जान बचाना उनके लिए बेहद भावुक और संतोषजनक अनुभव रहा।