Maharashtra Politics : एनसीपी के विलय की अटकलों पर शरद पवार का खंडन, कहा, 'यह सब मीडिया की बातें'

    31-Jan-2026
Total Views |
 
Sharad Pawar
 Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
महाराष्ट्र की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) ने एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। शनिवार को मीडिया से बातचीत में शरद पवार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एनसीपी के दो धड़ों के एक होने को लेकर जो चर्चाएं चल रही हैं, वे केवल मीडिया की देन हैं। जब उनसे यह सवाल किया गया कि यदि दोनों गुटों का विलय होता है तो क्या वे एनडीए का हिस्सा बनेंगे, इस पर उन्होंने कहा, “यह सब आपकी तरफ से चल रहा है, यहां ऐसा कुछ नहीं है।” गौरतलब है कि पवार परिवार के करीबी और विद्या प्रतिष्ठान के सदस्य किरण गुजर ने पहले दावा किया था कि दिवंगत अजित पवार की अंतिम इच्छा एनसीपी के दोनों गुटों को एकजुट करने की थी।
 
दरअसल, हाल ही में पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम चुनावों में एनसीपी और एनसीपी (एससीपी) ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था। इसके अलावा आगामी जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के लिए भी गठबंधन की चर्चाएं चल रही थीं। इन्हीं घटनाक्रमों के बीच यह अटकलें तेज हो गई थीं कि अजित पवार के निधन से पहले दोनों गुट एक ही चुनाव चिह्न के तहत आने वाले थे। उल्लेखनीय है कि बुधवार को बारामती में हुए एक विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था, जिसके बाद से महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चाएं शुरू हो गईं।
 
इसी बीच शरद पवार ने यह भी कहा कि उन्हें एनसीपी सांसद सुनेत्रा पवार के नाम को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद के लिए आगे बढ़ाए जाने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संबंधित पार्टी ने लिया होगा और उन्होंने अखबारों में केवल कुछ नाम देखे हैं, जिनमें प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे शामिल हैं। वहीं, वरिष्ठ एनसीपी नेता छगन भुजबळ ने दावा किया कि पार्टी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सुनेत्रा पवार के शपथ ग्रहण को लेकर बातचीत की है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए शरद पवार ने कहा कि परिवार में कोई मतभेद नहीं है, लेकिन जो भी राजनीतिक फैसले लिए जा रहे हैं, वे मुंबई में महायुति सरकार के नेताओं द्वारा किए जा रहे हैं। उन्होंने इन चर्चाओं पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।