सब कुछ सिर्फ अजित दादा को ही पता था! एनसीपी में नेतृत्व और विलय पर मंथन

    31-Jan-2026
Total Views |
- सुनेत्रा पवार को पार्टी की कमान सौंपने की मांग

Ajit DadaImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायक अनिल पाटिल ने पार्टी के भविष्य और नेतृत्व को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि दिवंगत नेता अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि सुनेत्रा पवार पूरे संगठन का नेतृत्व करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी के भीतर किसी भी विलय को लेकर कोई औपचारिक चर्चा मंच पर नहीं हुई थी और इस संबंध में जो भी जानकारी सामने आ रही है, वह मीडिया के माध्यम से ही सामने आई है। पाटिल के अनुसार, इन सभी बातों की पूरी जानकारी केवल अजित पवार को ही थी।
 
विलय पर फिलहाल विराम, एनडीए से बातचीत संभव
अनिल पाटिल ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद फिलहाल पार्टी के अन्य दलों के साथ विलय का विकल्प बंद है। उन्होंने बताया कि अजित पवार ही ऐसे नेता थे जो इस विषय पर बातचीत कर रहे थे और अब उनके न रहने से यह प्रक्रिया रुक गई है। हालांकि, उन्होंने संकेत दिया कि आने वाले समय में पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर आपस में चर्चा करेंगे और इसके बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) से भी संवाद हो सकता है। पाटिल ने कहा कि आगे का रास्ता पवार परिवार और पार्टी नेतृत्व मिलकर तय करेगा। एनसीपी की एक अहम बैठक भी प्रस्तावित है, जिसके बाद उपमुख्यमंत्री पद के लिए नाम भेजे जाने की संभावना है।

शरद पवार का रुख और अंतिम बैठक का खुलासा
इस बीच एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार ने स्पष्ट किया कि उन्हें सुनेत्रा पवार के नाम को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद के लिए प्रस्तावित किए जाने की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जो कुछ उन्होंने अखबारों में पढ़ा है, उसी के आधार पर जानकारी मिली है और कुछ वरिष्ठ नेता अपने स्तर पर निर्णय ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि 17 जनवरी 2026 को शरद पवार और अजित पवार के बीच एक अहम बैठक हुई थी, जिसे दोनों गुटों के विलय पर अंतिम चर्चा माना जा रहा था। बताया गया कि अजित पवार 12 फरवरी को विलय की घोषणा करने वाले थे, लेकिन विमान दुर्घटना में उनके आकस्मिक निधन से यह प्रक्रिया ठप हो गई।
 
शोक, सियासत और शपथ की तैयारी
अजित पवार के निधन के बाद बारामती में शरद पवार के आवास पर राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों का तांता लगा रहा। अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित कई दिग्गज नेता शामिल हुए। इसी बीच एनसीपी की प्रवक्ता रुपाली पाटिल ठोंबरे ने दावा किया कि सुनेत्रा पवार शनिवार को महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनसे अजित पवार के विजन और कार्यशैली को आगे बढ़ाने का आग्रह किया है। ठोंबरे ने यह भी कहा कि राजनीति में समय का बहुत महत्व होता है और सुनेत्रा पवार ने भारी व्यक्तिगत दुख के बावजूद यह निर्णय लिया है।