- लैंडिंग के दौरान चार्टर्ड विमान क्रैश
Image Source:(Internet)
बारामती :
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार (Ajit Pawar) का बुधवार सुबह एक भीषण विमान दुर्घटना में निधन हो गया। यह हादसा पुणे जिले के बारामती एयरपोर्ट पर उस समय हुआ, जब उन्हें लेकर जा रहा निजी चार्टर्ड विमान लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान अचानक संतुलन खो बैठा और रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में अजित पवार के साथ एक पीएसओ, एक सहायक और दो क्रू मेंबर (पायलट इन कमांड और फर्स्ट ऑफिसर) सवार थे। हादसे में विमान में मौजूद सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, किसी के भी जीवित बचने की सूचना नहीं है।
मलबे में तब्दील हुआ विमान, सभी सवारों की मौत
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में नजर आया। चारों ओर मलबा बिखरा हुआ था, जबकि आग की तेज लपटें और घना धुआं उठता देखा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने प्रारंभिक जानकारी में पुष्टि की कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका। अजित पवार का पार्थिव शरीर मलबे से बाहर निकाला गया, वहीं अन्य सवारों के शवों को भी पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
राजनीतिक जगत में शोक
अजित पवार के आकस्मिक निधन से महाराष्ट्र की राजनीति में गहरा शोक व्याप्त है। वे राज्य की राजनीति का एक मजबूत और प्रभावशाली चेहरा माने जाते थे और वर्तमान में उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके निधन की खबर फैलते ही राजनीतिक दलों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। इस विमान दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं। तकनीकी खराबी, मौसम की स्थिति और लैंडिंग प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। 66 वर्षीय अजित पवार का यूं अचानक जाना राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।