Baramati Plane Crash : अजित पवार के निधन पर देशभर के नेताओं ने जताया शोक, बोले, ‘त्रासदी का पैमाना समझ पाना मुश्किल’

28 Jan 2026 14:16:14

Ajit PawarImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज नेटवर्क |
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रमुख अजित पवार (Ajit Pawar) के बारामती में हुए चार्टर प्लेन हादसे में निधन से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। बुधवार सुबह हुए इस भीषण हादसे पर देशभर के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे सार्वजनिक जीवन और सुशासन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। जानकारी के मुताबिक, अजित पवार मुंबई से बारामती जा रहे थे। उनका चार्टर्ड विमान सुबह करीब 8 बजे मुंबई से रवाना हुआ था और लगभग 45 मिनट बाद बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद विमान में आग लग गई और मौके से धुएं के घने गुबार उठते दिखाई दिए। इस दुर्घटना में विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई।
 
 
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इस हादसे को 'बेहद दुखद' बताते हुए कहा कि इस त्रासदी के प्रभाव को शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अजित पवार का जाना न सिर्फ महाराष्ट्र बल्कि देश की राजनीति के लिए भी गहरा आघात है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पवार का निधन सार्वजनिक जीवन के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
 
 
 
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसे 'दिल तोड़ने वाली और चौंकाने वाली खबर' बताया और कहा कि अजित पवार का असमय निधन भारतीय राजनीति, विशेषकर महाराष्ट्र के लिए अपूरणीय नुकसान है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पवार को एक अनुभवी और जनसेवक नेता बताते हुए कहा कि राज्य के विकास और शासन में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वहीं तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भी गहरा शोक जताते हुए दिवंगत नेता के परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना प्रकट की। देशभर के नेताओं ने एक स्वर में कहा कि अजित पवार का अचानक जाना राजनीति और प्रशासन के लिए ऐसा नुकसान है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
 
 
Powered By Sangraha 9.0