एकनाथ शिंदे ने जताया गहरा शोक! कहा, ‘अजित दादा मेरे बड़े भाई जैसे थे’

28 Jan 2026 15:35:54
 
Eknath Shinde
 Image Source:(Internet)
मुंबई |
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के बारामती में हुए भीषण चार्टर प्लेन हादसे में निधन पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गहरा दुख व्यक्त किया है। शिंदे ने अजित पवार को “बड़े भाई समान” बताते हुए कहा कि उनके जाने से न सिर्फ सरकार की टीम का एक अहम हिस्सा टूट गया है, बल्कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी अपने बड़े भाई को खो दिया है। मीडिया से बातचीत में शिंदे ने कहा कि यह महाराष्ट्र के लिए बेहद दुखद दिन है और इस हादसे की जांच कराई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
 
 
‘महाराष्ट्र की प्रगति के लिए एक टीम की तरह काम किया’
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “अजित दादा और मैं महाराष्ट्र की प्रगति के लिए एक टीम की तरह काम कर रहे थे। आज उस टीम का एक मजबूत स्तंभ चला गया है।” उन्होंने ‘लाडकी बहिण योजना’ का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना की शुरुआत में अजित पवार की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। शिंदे ने अजित पवार को स्पष्ट वक्ता, मेहनती और निर्णय लेने में तेज नेता बताया। उन्होंने कहा, “उनके शब्दकोश में ‘सोचेंगे’ या ‘बाद में देखेंगे’ जैसे शब्द नहीं थे। जो भी फैसला लेना होता, वे तुरंत लेते थे। जरूरत पड़ने पर योजनाओं को ना कहने का साहस भी उनमें था।” शिंदे ने यह भी कहा कि भले ही वे बाहर से सख्त नजर आते थे, लेकिन भीतर से वे बेहद संवेदनशील और बड़े दिल वाले इंसान थे, जिसे उन्होंने व्यक्तिगत रूप से महसूस किया।
 
 
‘समय के पाबंद, अनुशासित और दूरदर्शी नेता’
एकनाथ शिंदे ने आगे कहा कि अजित पवार समय के अत्यंत पाबंद थे और कई बार सुबह छह बजे ही लोगों को मुलाकात का समय दे देते थे। वे अध्ययनशील, साहसी और अनुशासित नेता थे। अजित पवार महाराष्ट्र के वित्त और योजना मंत्री भी रह चुके थे और उन्होंने राज्य का बजट कई बार प्रस्तुत किया था। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अजित पवार महाराष्ट्र के महान नेताओं में से एक थे और राज्य के विकास में उनका योगदान अविस्मरणीय रहेगा। गौरतलब है कि अजित पवार गैर-लगातार कार्यकाल में महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक उपमुख्यमंत्री रहे। उन्होंने पृथ्वीराज चव्हाण, देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकारों में उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। बुधवार सुबह मुंबई से बारामती जा रहा उनका चार्टर विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनका निधन हो गया।
Powered By Sangraha 9.0