Image Source:(Internet)
ठाणे (विटावा) :
बारामती में हुए दर्दनाक विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) विदिप जाधव (Vidip Jadhav) का भी निधन हो गया। बुधवार को हुए इस हादसे में लियरजेट-45 विमान क्रैश-लैंडिंग का शिकार हो गया, जिसमें अजित पवार के साथ जाधव, एक अटेंडेंट पिंकी माली और दो क्रू मेंबर्स कैप्टन सुमित कपूर और कैप्टन शांभवी पाठक मौजूद थे। जैसे ही विदिप जाधव के निधन की खबर ठाणे के कलवा इलाके के विटावा स्थित उनके मोहल्ले में पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। हर चेहरा गमगीन था और गली में सन्नाटा पसरा रहा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
विदिप जाधव विटावा में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, 14 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा हैं। हादसे के दिन उनका घर बंद रहा, क्योंकि उनके माता-पिता अपने पैतृक गांव गए हुए थे। पड़ोसियों के अनुसार, जाधव बेहद जिम्मेदार और परिवार के प्रति समर्पित इंसान थे। रोज की तरह बुधवार सुबह भी वह करीब 6.30 बजे ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी आखिरी सुबह होगी। महज दो घंटे बाद उनके निधन की खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पड़ोसियों की यादों में विदिप जाधव एक सुलझे हुए, सौम्य और विनम्र व्यक्ति के रूप में बसे हुए हैं। उन्हें जानने वालों ने बताया कि वह उन्हें प्यार से “दादा” कहकर बुलाते थे।