जनता से गहरा जुड़ाव रखने वाले नेता थे अजित पवार - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

28 Jan 2026 15:59:07
 
PM Narendra Modi
 Image Source:(Internet)
नई दिल्ली/मुंबई |
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के बुधवार सुबह हुए दर्दनाक विमान हादसे में निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने अजित पवार को जमीनी स्तर से जुड़े जननेता के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार महाराष्ट्र के लोगों की सेवा में अग्रिम पंक्ति में रहने वाले, मेहनती और समर्पित नेता थे। प्रधानमंत्री ने प्रशासनिक मामलों की उनकी गहरी समझ और गरीब एवं वंचित वर्गों को सशक्त करने के उनके प्रयासों को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। पीएम मोदी ने इसे “अत्यंत चौंकाने वाला और पीड़ादायक” बताते हुए पवार परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति संवेदना प्रकट की।
 
 
तीन दशकों से अधिक का सार्वजनिक जीवन, अपूरणीय क्षति - अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अजित पवार के निधन पर शोक जताते हुए इसे व्यक्तिगत और एनडीए परिवार के लिए गहरी क्षति बताया। उन्होंने कहा कि बीते साढ़े तीन दशकों में अजित पवार ने महाराष्ट्र के हर वर्ग के कल्याण के लिए अथक परिश्रम किया। अमित शाह ने याद किया कि जब भी उनसे मुलाकात होती थी, अजित पवार राज्य से जुड़े जनहित के मुद्दों पर विस्तृत और गंभीर चर्चा करते थे। उन्होंने कहा कि उनका जाना केवल एक राजनीतिक सहयोगी का नहीं, बल्कि एक समर्पित जनसेवक का खोना है। शाह ने दुख की इस घड़ी में पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहने की बात कहते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
Powered By Sangraha 9.0