Image Source:(Internet)
नई दिल्ली/बारामती:
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) प्रमुख अजित ‘दादा’ पवार के बरामती में हुए भीषण विमान हादसे में निधन पर देशभर में शोक की लहर है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह (Digvijay Singh) ने इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अजित पवार का राजनीतिक जीवन लंबा और अनुभवों से भरा रहा है और उनका इस तरह जाना सभी के लिए बड़ा झटका है। दिग्विजय सिंह ने सवाल उठाया कि आखिर यह हादसा क्यों हुआ और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या है।
‘हादसे के कारणों पर उठे गंभीर सवाल’
दिग्विजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस कंपनी का यह विमान था, उसी कंपनी का एक विमान तीन साल पहले मुंबई में भी इसी तरह दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस समय भी कम दृश्यता (लो विजिबिलिटी) को हादसे का कारण बताया गया था। उन्होंने कहा, “DGCA को इस पूरे मामले की विस्तृत जांच करनी चाहिए। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि विमान का रखरखाव कौन कर रहा था और क्या सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था।” सिंह ने जोर देते हुए कहा कि ऐसे हादसों से सबक लेना जरूरी है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
जांच की मांग तेज
दिग्विजय सिंह के अलावा कई अन्य नेताओं ने भी अजित पवार के निधन पर शोक जताया। कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने उन्हें कुशल प्रशासक और सक्षम नेता बताते हुए कहा कि वह उनके पुराने मित्र थे और इस खबर से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। कांग्रेस की केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी ने भी इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े होने की बात कही। DGCA के अनुसार, बुधवार सुबह 8.45 बजे मुंबई से बारामती जा रहा चार्टर्ड विमान रनवे थ्रेशहोल्ड पर क्रैश-लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार सहित कुल पांच लोगों की मौत हो गई। पवार जिला परिषद चुनाव के लिए एक सार्वजनिक रैली में शामिल होने बारामती जा रहे थे। हादसे के बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापू सहित कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा किए और इस दुर्घटना की निष्पक्ष व गहन जांच की आवश्यकता पर जोर दिया।