29 जनवरी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा अजित पवार का अंतिम संस्कार

28 Jan 2026 17:31:28
 
January 29
 Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख अजित ‘दादा’ पवार का अंतिम संस्कार 29 जनवरी को पूरे राजकीय सम्मान (State honours) के साथ किया जाएगा। महाराष्ट्र सामान्य प्रशासन विभाग (प्रोटोकॉल) ने बुधवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी। विद्या प्रतिष्ठान के ट्रस्टी किरण ने बताया कि अजित पवार के पार्थिव शरीर को आम जनता के अंतिम दर्शन के लिए विद्या प्रतिष्ठान मैदान में रखा जाएगा, जबकि गुरुवार सुबह 11 बजे अंतिम संस्कार संपन्न होगा। अजित पवार का बुधवार सुबह मुंबई से बारामती जाते समय एक चार्टर्ड विमान दुर्घटना में निधन हो गया। वे जिला परिषद चुनावों के प्रचार के लिए बारामती जा रहे थे।
 
राज्य में तीन दिन का शोक, सरकारी अवकाश
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार के निधन पर राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक और एक दिन के सरकारी अवकाश की घोषणा की है। इस अवधि में पूरे महाराष्ट्र में जहां-जहां राष्ट्रीय ध्वज नियमित रूप से फहराया जाता है, वहां उसे आधा झुका कर रखा जाएगा। साथ ही, किसी भी प्रकार के सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। बुधवार, 28 जनवरी 2026 को राज्य के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम संस्कार से जुड़े सभी निर्णय पवार परिवार से चर्चा के बाद लिए गए। उन्होंने कहा कि पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर है और यह राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।
 
‘मेरे लिए यह व्यक्तिगत क्षति है’ – सीएम फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार को एक निडर, मेहनती और समर्पित नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने हर परिस्थिति में मजबूती से नेतृत्व किया। “अजित दादा का जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, मैंने एक मित्र खो दिया,” उन्होंने कहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी वरिष्ठ नेता शरद पवार से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की। हादसे की जांच के लिए डीजीसीए और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। अजित पवार महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक गैर-लगातार उपमुख्यमंत्री रहे और उन्होंने छह बार यह पद संभाला। वे अपनी पत्नी सुनेत्रा पवार और पुत्र जय व पार्थ पवार को पीछे छोड़ गए।
Powered By Sangraha 9.0