Image Source:(Internet)
नागपुर:
चुनावी सरगर्मी थमते ही नागपुर (Nagpur) में अपराध की घटनाएं एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। महज कुछ घंटों के अंतराल में हुई दो हत्याओं ने उपराजधानी को हिलाकर रख दिया है। दो दिन पहले तहसील और मानकापुर क्षेत्र में हुई हत्याओं के बाद गुरुवार रात गिट्टीखदान और अजनी थाना क्षेत्र में दो और खून होने से शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार हो रही वारदातों से आम नागरिकों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखी आलोचना हो रही है।
पुरानी रंजिश में निर्मम हत्या
गिट्टीखदान थाना क्षेत्र में पुलिस मुख्यालय के पास बजरंग दल के पूर्व शाखा अध्यक्ष हर्ष उर्फ गड्डू शिवानंदन पांडे (38, निवासी कामगारनगर) की पुरानी रंजिश के चलते बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर गड्डू को लहूलुहान कर दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में उसे मेयो अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गड्डू पेशे से वाहन चालक था और पहले अवस्थीनगर इलाके में बजरंग दल की शाखा का अध्यक्ष रह चुका था। गड्डू और बंटी उर्फ बुरहान शेख (निवासी अवस्थीनगर चौक) के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। दोनों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने की भी जानकारी सामने आई है। जांच में यह भी सामने आया है कि पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद बढ़ा था और हाल के दिनों में धमकी के मामले भी हुए थे। मृतक के मित्र की शिकायत पर गिट्टीखदान पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आंदोलन, तनाव और पुलिस पर दबाव
घटना के बाद शुक्रवार सुबह बजरंग दल के कार्यकर्ता गिट्टीखदान थाने में एकत्र हुए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि मृतक ने मुख्य आरोपी के कथित अवैध कारोबार का विरोध किया था, इसी कारण उसकी हत्या की गई। लगातार हो रही हत्याओं से नागपुरवासियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।