नागपुर महापौर पद खुला महिला वर्ग के लिए! पहली बार पार्षद शिवानी दानी सबसे आगे

    22-Jan-2026
Total Views |
 
Shivani Dani
 Image Source:(Internet)
नागपुर :
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की 29 महानगरपालिकाओं के महापौर (Mayor) पदों के लिए आरक्षण की सोडत (ड्रॉ) बुधवार को घोषित कर दी। इस घोषणा के तहत नागपुर महानगरपालिका का महापौर पद ‘सर्वसाधारण महिला’ वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है। यह फैसला नागपुर की राजनीति में एक नया समीकरण खड़ा कर रहा है। खास बात यह है कि प्रभाग क्रमांक 36 से पहली बार निर्वाचित पार्षद शिवानी दानी को महापौर पद की सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। युवा चेहरा और संगठन में सक्रिय भूमिका के चलते शिवानी दानी का नाम राजनीतिक हलकों में तेजी से चर्चा में है। यदि उनके नाम पर मुहर लगती है, तो नागपुर को एक नई और युवा महिला नेतृत्व मिलने की संभावना है।
 
29 महापालिकाओं के महापौर आरक्षण की पूरी सूची जारी
राज्यभर में घोषित आरक्षण सूची के अनुसार छत्रपती संभाजीनगर और अमरावती में सर्वसाधारण महिला वर्ग के लिए महापौर पद आरक्षित किया गया है। वहीं बृहन्मुंबई, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, नवी मुंबई, ठाणे, नाशिक और नागपुर जैसे प्रमुख महानगरों में सर्वसाधारण अथवा आरक्षित वर्गों के तहत सोडत तय की गई है। कल्याण-डोंबिवली अनुसूचित जमाती, ठाणे अनुसूचित जाति, जबकि कोल्हापूर, अकोला, चंद्रपूर, जळगाव और अहिल्यानगर में ओबीसी अथवा ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षण घोषित किया गया है। इस आरक्षण सोडत से आगामी महापौर चुनावों की दिशा और रणनीति साफ होती नजर आ रही है।
 
महापौर पद की दौड़ तेज, नागपुर में राजनीतिक हलचल बढ़ी
नागपुर में महापौर पद के लिए आरक्षण घोषित होते ही राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। महिला नेतृत्व को लेकर भीतरखाने मंथन शुरू हो चुका है और संभावित नामों पर चर्चा चल रही है। शिवानी दानी के अलावा भी कुछ नाम सामने आ सकते हैं, लेकिन फिलहाल वे फ्रंट रनर मानी जा रही हैं। माना जा रहा है कि आरक्षण के इस फैसले से नागपुर में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी। आने वाले दिनों में दलों की औपचारिक घोषणा और गठबंधन की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।