मुंबई में मराठा आरक्षण आंदोलन से यातायात ठप

29 Aug 2025 17:22:33
 
Maratha reservation
 (Image Source-Internet)
मुंबई।
मराठा आरक्षण (Maratha reservation) की मांग को लेकर मनोज जरांगे ने मुंबई के आजाद मैदान में आंदोलन शुरू किया है। इस आंदोलन में राज्यभर से लाखों मराठा समाज के लोग मुंबई पहुंचे हैं। आंदोलनकारियों की भीड़ के कारण मुंबई की सड़कों पर जगह-जगह भारी जाम की स्थिति बन रही। ईस्टर्न फ्रीवे पर लंबा जाम देखने को मिला, वहीं सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनें भी प्रभावित हुईं और दस मिनट की देरी से चल रही हैं।
 
सीएसटी और चर्चगेट पर भीड़
गणेशोत्सव के माहौल के बीच आंदोलन शुरू होने से यातायात और भी दबाव में आ गया है। शहर के कई हिस्सों में जाम के चलते आंदोलनकारी रेल यात्रा का विकल्प अपना रहे हैं। इसके चलते सीएसटी और चर्चगेट स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई है। सीएसएमटी से कल्याण और पनवेल की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनें पूरी तरह खचाखच भरी हुई हैं। रेल प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
 
ईस्टर्न फ्रीवे और सायन-पनवेल हाईवे पर जाम
आंदोलनकारियों के वाहनों की लंबी कतार ईस्टर्न फ्रीवे पर जाम का कारण बनी हुई है। वहीं सायन-पनवेल हाईवे पर मानखुर्द के पास भारी ट्रैफिक जाम दर्ज किया गया। बारिश और आंदोलनकारियों की भीड़ ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सड़कों पर सिर्फ गाड़ियां ही गाड़ियां दिखाई दे रही हैं और पुलिसकर्मी जाम हटाने की कोशिश में जुटे हैं। गूगल मैप पर दक्षिण मुंबई के कई मार्ग लाल रंग में दिखाई दे रहे हैं, जिससे यातायात बाधित होने की तस्वीर साफ है।
 
ट्रैफिक में बदलाव और नागरिकों को सलाह
प्रशासन ने आंदोलन को देखते हुए कई महत्वपूर्ण मार्गों पर वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित किया है। वाशी से दक्षिण मुंबई की ओर आने वाले वाहनों को पंजरपोल फ्रीवे से रोक दिया गया है। वीर जीजाबाई भोसले मार्ग से ट्रॉम्बे और चेंडा नगर से फ्रीवे की ओर जाने वाले सभी वाहनों को भी रोकने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और बाहर से आने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वाशी स्टेशन पर गाड़ी पार्क कर ट्रेन से मुंबई की ओर जाएं।
Powered By Sangraha 9.0