समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा! एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत

04 Jul 2025 16:19:39
 
Samruddhi Highway
 (Image Source-Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
गुरुवार रात करीब 8 बजे वाशिम जिले में समृद्धि महामार्ग (Samruddhi Highway) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में उमरेड, नागपुर के एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में कार चालक चेतन हेलगे (25) गंभीर रूप से घायल हो गया है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। मृतकों में वैदेही जायसवाल (25), मधुरी जायसवाल (52), राधेश्याम जायसवाल (67) और संगीता जायसवाल (55) शामिल हैं। यह परिवार पुणे में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होकर नागपुर लौट रहा था।
 
कार के अनियंत्रित होने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राधेश्याम और दो अन्य परिजनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संगीता और चालक को अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान संगीता की भी मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
Powered By Sangraha 9.0