'Kanta Laga' fame Shefali dies: दिल का दौरा पड़ने से 42 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा

    28-Jun-2025
Total Views |
 
Kanta Laga fame Shefali dies at 42
 
- घर पर हुआ हादसा, अस्पताल में पहुंचने से पहले हुई मौत
 
मुंबई। ‘कांटा लगा’ गर्ल के नाम से मशहूर अभिनेत्री और मॉडल शेफाली जरीवाला का शनिवार की रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। घटना के वक्त शेफाली अपने घर पर थीं। उनके पति और अभिनेता पराग त्यागी तुरंत उन्हें मुंबई के कूपर अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के एक कर्मचारी ने पुष्टि की कि शेफाली की मौत अस्पताल लाए जाने से पहले ही हो चुकी थी।
 
पराग त्यागी की टूटती हालत के दिल दहला देने वाले दृश्य
 
अस्पताल के बाहर से आई तस्वीरों और वीडियो में पराग त्यागी बेहद गमगीन और टूटे हुए नजर आए। शनिवार देर रात वे अस्पताल से घर लौटते वक्त मीडिया के कैमरों में कैद हुए, जब शेफाली का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यह दृश्य देखकर फैन्स और चाहने वाले भी भावुक हो उठे। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट रविवार सुबह तक आने की संभावना है।
 
 
 
फैन्स और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
 
शेफाली जरीवाला की असामयिक मृत्यु ने उनके प्रशंसकों और पूरे मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर फैन्स और सेलिब्रिटीज लगातार श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं और पराग समेत परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। शेफाली ने 2014 में पराग से शादी की थी, इससे पहले वे म्यूजिक डायरेक्टर हरमीत सिंह (मीत ब्रदर्स) की पत्नी रह चुकी थीं।
 
शेफाली की निजी जिंदगी और करियर
 
2002 में ‘कांटा लगा’ म्यूजिक वीडियो से मशहूर हुईं शेफाली ने ‘नच बलिए 5’ और ‘बिग बॉस 13’ जैसे शोज़ से भी अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने अपने जीवन में एपिलेप्सी (मिर्गी) की बीमारी का भी डटकर सामना किया और फिटनेस के प्रति अपनी लगन से इसे नियंत्रित रखा। शेफाली की अचानक हुई मौत ने उनके चाहने वालों के दिलों में गहरा खालीपन छोड़ दिया है।