(Image Source-Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
भारत (India) और नेपाल के बीच सुरक्षा मामलों पर 16वीं द्विपक्षीय परामर्श समूह (INBCGSI) की बैठक 23-24 जून 2025 को पुणे में आयोजित की गई। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के अपर सचिव (उत्तर) मुनु महावर ने किया, जबकि नेपाली पक्ष का नेतृत्व विदेश मंत्रालय के दक्षिण एशिया प्रभाग के संयुक्त सचिव गहेन्द्र राजभण्डारी ने किया। बैठक में दोनों देशों के रक्षा और विदेश मंत्रालयों के अधिकारियों के अलावा भारतीय और नेपाली सेनाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर बनी सहमति
बैठक में दोनों देशों के बीच सुरक्षा और रक्षा सहयोग से जुड़े विषयों जैसे उपकरण आपूर्ति, सैन्य प्रशिक्षण, संयुक्त सैन्य अभ्यास, आपदा राहत अभियान और सैन्य आदान-प्रदान पर विस्तार से चर्चा हुई। भारतीय रक्षा क्षेत्र की सार्वजनिक और निजी निर्माण इकाइयों का दौरा कर नेपाली प्रतिनिधियों ने भविष्य में संभावित सहयोग के अवसरों का भी मूल्यांकन किया।
नेपाल में योग दिवस की भव्य शुरुआत
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के उपलक्ष्य में भारतीय दूतावास और जनकपुर स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने नेपाल के 10 शहरों– काठमांडू, पोखरा, लमजुंग, लुंबिनी, जनकपुर, चितवन, बीरगंज, हेटौंडा, रौतहट और बरियारपुर – में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किए। "योग: एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य" थीम के तहत इन आयोजनों ने दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और प्रगाढ़ किया।
काठमांडू की विरासत स्थलों पर विशेष आयोजन
भारतीय दूतावास ने काठमांडू घाटी के छह यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों – पशुपतिनाथ मंदिर, काठमांडू दरबार स्क्वायर, बौद्धनाथ, स्वयंभूनाथ, चांगु नारायण मंदिर और पाटन दरबार स्क्वायर – पर योग प्रदर्शन आयोजित किए। पाटन दरबार स्क्वायर में स्थानीय हस्तियों, अधिकारियों और भारतीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी देखी गई।
पोखरा और लुंबिनी में रहा उत्सव का माहौल
20 और 21 जून को पोखरा में फेवा झील और रंगशाला स्टेडियम में क्रमशः योग और ध्यान सत्र तथा भव्य योग प्रदर्शन हुए, जिनमें कुल मिलाकर 7500 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। लुंबिनी में 500 से अधिक योग प्रेमियों की उपस्थिति में कार्यक्रम हुआ जिसे लुंबिनी के राज्यपाल और नेपाल के युवा एवं खेल मंत्री ने संबोधित किया। भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने योग को भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक पुल बताया और योग पर्यटन को बढ़ावा देने की अपार संभावनाओं पर बल दिया।