- केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया के नेतृत्व में फैला फिटनेस का संदेश
(Image Source-Internet)
नई दिल्ली।
'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' (Fit India Sunday on Cycle) का आयोजन रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, नई दिल्ली में पूरे जोश के साथ हुआ। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भाग लिया। इस आयोजन में योगासन भारत के सहयोग से देशभर में जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम में अभिनेत्री एवं नई फिट इंडिया एम्बेसडर मिया मेल्ज़र, ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी, पूर्व हॉकी कप्तान रानी रामपाल, ताइक्वांडो चैंपियन रोडाली बरुआ और अभिनेत्री मधुरिमा तुली जैसे सितारे शामिल हुए।
“एक पैडल भारत की ताकत”: मांडविया
मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री मांडविया ने कहा, "कल देशभर के 6,000 से ज्यादा स्थानों पर योग दिवस मनाया गया जिसमें 1 करोड़ से अधिक लोगों ने भाग लिया। आज साइकिलिंग और कल ओलंपिक डे – ये फिटनेस क्रांति हर भारतीय को जोड़ रही है। जब हम साइकिल का एक पैडल आगे बढ़ाते हैं, तो हम भारत को फिटनेस पावर हाउस बना रहे हैं।" महाराष्ट्र के पंढरपुर में 5000 लोगों की भागीदारी और 90 साइकिलिंग क्लबों की उपस्थिति ने इस अभियान को जन-आंदोलन में बदल दिया।
सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों का साथ बना प्रेरणा का कारण
अभिनेत्री मिया मेल्ज़र ने इसे “बटरफ्लाई मोमेंट” बताते हुए कहा, “साइकिल चलाना सिर्फ फिटनेस नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन से लड़ने का भी समाधान है, खासकर दिल्ली जैसे शहर के लिए।” ओलंपियन प्रियंका गोस्वामी ने ‘आधा घंटा रोज़ फिटनेस की डोज़’ के मंत्र को दोहराते हुए साइकिलिंग को एक स्वस्थ आदत बताया। पूर्व हॉकी कप्तान रानी रामपाल ने इसे एक जीवनशैली का बदलाव बताया, जबकि रोडाली बरुआ ने इसे 2036 ओलंपिक विज़न से जोड़ा।
देशभर में 10,500 स्थानों पर चला अभियान
दिसंबर 2024 से शुरू हुए इस 'फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल' अभियान ने अब तक देश के 10,500 से अधिक स्थानों को कवर किया है और इसमें 3.75 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया है। यह आयोजन खेलो इंडिया सेंटर्स, SAI ट्रेनिंग सेंटर्स, नेशनल सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस और कई अन्य खेल संस्थानों द्वारा आयोजित किए जा रहे हैं। यह पहल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा दे रही है, बल्कि युवा भारत को अनुशासन, अनुबंध और फिटनेस की दिशा में प्रेरित कर रही है।