जलकुंभी बनी रोजगार की कुंजी! महिलाओं ने रची आत्मनिर्भरता की कहानी!

    22-Jun-2025
Total Views |
- मनपा के सामाजिक विकास विभाग की अभिनव पहल

Women employment (Image Source-Internet) 
नागपुर :
महानगरपालिका के सामाजिक विकास विभाग ने महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक अनोखी पहल करते हुए जलकुंभी से हस्तशिल्प वस्तुएं बनाने का प्रशिक्षण शुरू किया है। यह कार्य महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम बन चुका है। पुनापुर स्थित कौशल विकास केंद्र में 45 दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान महिला प्रशिक्षुओं ने जलकुंभी से सुंदर हस्तनिर्मित वस्तुएं तैयार की हैं।
 
पुनापुर केंद्र बना कौशल विकास का गढ़
सामाजिक विकास विभाग द्वारा पुनापुर-पारडी क्षेत्र में स्थापित कौशल विकास केंद्र में यह प्रशिक्षण 2 मई 2025 से आरंभ हुआ। प्रशिक्षण के प्रथम बैच में 100 महिलाओं को दो समूहों में बांटकर प्रशिक्षित किया गया 50 महिलाओं ने लूम मशीन से एवं शेष ने रोलर मशीन से जलकुंभी की प्रोसेसिंग सीखी। महिलाओं ने प्रशिक्षण के दौरान टी-कोस्टर, टोपी, हैंडबैग, फोल्डर, फल टोकरी, प्लांटर, योगा मैट जैसी उपयोगी और आकर्षक वस्तुएं तैयार कीं।
 
स्वरोजगार की नई दिशा
इस प्रशिक्षण के जरिए महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए द्वार खुले हैं। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं को उद्योग आधार पंजीकरण, कलाकार कार्ड, मास्टर कार्ड जैसे आवश्यक लाइसेंस दिलाने में भी सामाजिक विकास विभाग मदद करेगा। इसके साथ ही दीनदयाल अंत्योदय योजना (राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन), मुख्यमंत्री रोजगार नीति, पीएम मुद्रा योजना जैसी कई योजनाओं का लाभ भी इन महिलाओं को स्वरोजगार प्रारंभ करने हेतु दिया जा रहा है।
 
प्रेरणा की मिसाल बनी महिलाएं
महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के लिए बाज़ार उपलब्ध कराना भी इस परियोजना का हिस्सा है। यह पहल न केवल उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बना रही है, बल्कि आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई कहानी भी गढ़ रही है। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को एकजुट कर यह परियोजना उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त करने का मजबूत माध्यम बन रही है।