(Image Source-Internet)
इंदौर।
राजा रघुवंशी (Raja Raghuvanshi) हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है जब मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद ने मीडिया के सामने बयान देते हुए कहा कि सोनम इस साजिश में शामिल है। गोविंद ने ANI से बातचीत में कहा, "सोनम का इसमें रोल रहेगा। राज कुशवाहा, विशाल और बाकी लोगों का चैनल सोनम के जरिए ही बना और इससे उसकी भूमिका पक्की हो जाती है।" उन्होंने आगे कहा कि अगर उन्हें सच्चाई पहले से पता होती, तो वह ये शादी कभी नहीं होने देते। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब वह अपनी बहन सोनम के खिलाफ लड़ाई लड़ेंगे।
राज कुशवाहा को बताया मास्टरमाइंड:
गोविंद ने यह भी खुलासा किया कि राज कुशवाहा कभी उनके ही गोदाम में काम करता था और वह प्रोडक्ट्स की डिलीवरी और मैनेजमेंट देखता था। उन्होंने बताया कि जितेंद्र रघुवंशी, जो रिश्तेदार हैं, का इस हत्या से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि उन्हें राजा पसंद था और उन्होंने उसमें कई अच्छाइयां देखी थीं। उन्होंने यह भी बताया कि शादी से पहले दोनों परिवार सहमत थे और राजा-सोनम ने मिलकर शॉपिंग भी की थी।
पुलिस ने किया साजिश का पर्दाफाश:
मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स पुलिस अधीक्षक विवेक सायेम ने बताया कि यह हत्या कोई सुपारी किलिंग नहीं थी, बल्कि इसे दोस्ती के नाम पर अंजाम दिया गया। राज कुशवाहा को मास्टरमाइंड बताया गया है और सोनम ने इस साजिश में साथ दिया। पुलिस के अनुसार, फरवरी से ही सोनम के गायब होने की योजना बन रही थी। शादी के बाद राजा और सोनम कामाख्या देवी मंदिर आए थे और कुछ दिन पहले ही बाकी आरोपी भी वहां पहुंचे थे। उन्होंने राजा की हत्या की योजना गुवाहाटी में बनाई और फिर सोनम ने शिलॉंग आने का बहाना बनाया।
पांच आरोपी पुलिस हिरासत में:
राजा रघुवंशी की लाश 2 जून को चेरापूंजी के पास सोहरा में एक गहरी खाई में मिली थी। इस मामले में सोनम रघुवंशी समेत पांच लोगों - आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान, राज सिंह कुशवाहा और आनंद - को आरोपी बनाया गया है। सभी को बुधवार को कोर्ट में पेश कर आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। राजा और सोनम, दोनों इंदौर (मध्य प्रदेश) के निवासी थे और शादी के बाद हनीमून पर मेघालय आए थे, जहां से वे लापता हो गए थे। सोनम को बाद में वाराणसी-गाजीपुर रोड पर एक ढाबे के पास से बरामद किया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।