- लंदन के पोलो क्लब में हुआ हादसा
(Image Source-Internet) AB News Network:
बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर उद्योगपति संजय कपूर (Sanjay Kapoor) का 53 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। यह दुखद घटना 12 जून 2025 की रात को यूनाइटेड किंगडम के ग्लेन स्थित गार्ड्स पोलो क्लब में हुई, जब वह पोलो खेलते समय अचानक दिल का दौरा पड़ने से गिर पड़े। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। संजय कपूर ‘सोना कॉमस्टार’ कंपनी के चेयरमैन थे और उद्योग जगत में उनका बड़ा नाम था।
निधन से कुछ घंटे पहले की थी भावुक पोस्ट
निधन से कुछ घंटे पहले संजय कपूर ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर शोक जताया था। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की थी। यह पोस्ट अब उनका आखिरी सार्वजनिक संदेश बन गया है, जो उनके संवेदनशील और सामाजिक सरोकार रखने वाले व्यक्तित्व को दर्शाता है।
परिवार और बॉलीवुड में शोक की लहर
संजय कपूर के निधन की खबर सुनते ही कपूर परिवार और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। करीना कपूर खान, सैफ अली खान और मलाइका अरोड़ा सहित कई करीबी लोग करिश्मा कपूर के घर पहुंचकर उन्हें सांत्वना देते नजर आए। करिश्मा और संजय का तलाक 2016 में हुआ था, लेकिन दोनों के दो बच्चे हैं, जिनकी परवरिश करिश्मा कर रही हैं। संजय कपूर का अचानक यूं चले जाना उनके परिवार और करीबियों के लिए एक गहरा आघात है।