Operation Sindoor : महिला सैन्य नेतृत्व में रचा गया नया इतिहास ! कौन है व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी? पढ़ें यहां

07 May 2025 15:34:23
 
Vyomika Singh and Sofia Qureshi
 (Image Source : Internet)
नई दिल्ली :
आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा की गई ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor) की कार्रवाई के बाद आयोजित प्रेस ब्रीफिंग में दो वरिष्ठ महिला सैन्य अधिकारियों ने कमान संभाली। भारतीय वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह और भारतीय सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी ने संयुक्त रूप से मीडिया को इस जवाबी सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी। यह प्रेस वार्ता न केवल सैन्य रणनीति की जानकारी देने के लिए महत्वपूर्ण रही, बल्कि इसमें महिलाओं की नेतृत्व भूमिका ने भी एक ऐतिहासिक संदेश दिया।
 
विंग कमांडर व्योमिका सिंह : आसमान की बेटी
विंग कमांडर व्योमिका सिंह भारतीय वायु सेना की एक अनुभवी हेलीकॉप्टर पायलट हैं। बचपन से ही उन्हें उड़ान भरने का सपना था, जिसे उन्होंने राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) और इंजीनियरिंग की पढ़ाई के साथ साकार किया। 18 दिसंबर 2019 को वे भारतीय वायु सेना में हेलीकॉप्टर पायलट के रूप में स्थायी कमीशन के साथ शामिल हुईं। अब तक वे 2,500 से अधिक उड़ान घंटे पूरे कर चुकी हैं और जम्मू-कश्मीर व पूर्वोत्तर जैसे कठिन इलाकों में अनेक राहत अभियानों में भाग ले चुकी हैं। 2020 में अरुणाचल प्रदेश में आई बाढ़ के दौरान उन्होंने एक महत्वपूर्ण बचाव अभियान का नेतृत्व किया।
 
कर्नल सोफिया कुरैशी: सैन्य नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण की प्रतीक
कर्नल सोफिया कुरैशी भारतीय सेना के सिग्नल कोर से ताल्लुक रखती हैं और उन्होंने 2016 में भारत द्वारा आयोजित सबसे बड़े बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास ‘एक्सरसाइज फोर्स 18’ में भारतीय दल का नेतृत्व किया। वे ऐसा करने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं और 18 देशों में से एकमात्र महिला कमांडर रहीं। गुजरात से आने वाली कर्नल कुरैशी का परिवार सैन्य परंपरा से जुड़ा रहा है, उनके पति भी सेना में अधिकारी हैं और उनके दादा भारतीय सेना में कार्यरत थे। उन्होंने छह वर्षों तक संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत कांगो सहित कई संघर्ष क्षेत्रों में सेवाएं दीं।
 
संकट की घड़ी में मिलिट्री कम्युनिकेशन का मानवीय चेहरा
ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान स्थित नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जो कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले—जिसमें 26 लोगों की जान गई थी, जिसके जवाब में किया गया। प्रेस ब्रीफिंग के दौरान विंग कमांडर व्योमिका सिंह और कर्नल सोफिया कुरैशी की उपस्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि भारतीय सशस्त्र बलों में महिलाएं न केवल रणभूमि में, बल्कि रणनीतिक संप्रेषण और नेतृत्व में भी सशक्त भूमिका निभा रही हैं। इन दोनों अधिकारियों ने न सिर्फ सैन्य कार्रवाई की जानकारी दी, बल्कि जनता के साथ विश्वास और पारदर्शिता बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाई।
Powered By Sangraha 9.0