नागपुर-पुणे वंदे भारत: यात्रियों को जल्द मिल सकती है राहत

    05-May-2025
Total Views |
 
Nagpur Pune Vande Bharat
 (Image Source : Internet)
नागपुर।
नागपुर-पुणे-नागपुर मार्ग पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर सामने आई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने हाल ही में संकेत दिए हैं कि इस बहुप्रतीक्षित रूट पर वंदे भारत (Vande Bharat) एक्सप्रेस ट्रेन जल्द शुरू की जा सकती है। मंत्री ने यह जानकारी हडपसर-जोधपुर एक्सप्रेस और चेन्नई सेंट्रल-भगत की कोठी एक्सप्रेस के उद्घाटन के दौरान दी, जहां उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस संबंध में सकारात्मक बातचीत होने की पुष्टि की।
 
तेज़ और आरामदायक सफर की उम्मीद
नागपुर और पुणे के बीच वर्तमान में यात्रा का समय 14 से 16 घंटे के बीच होता है, जिससे यात्रियों को खासी परेशानी होती है। टिकटों की भारी मांग और सीमित सीटों के कारण यात्रियों को बिना आरक्षण यात्रा करनी पड़ती है या फिर महंगे और थकाऊ बस विकल्पों का सहारा लेना पड़ता है। पिछले दो वर्षों से यात्री संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन शुरू करने की मांग की जा रही थी, लेकिन निर्णय की शक्ति केवल केंद्रीय मंत्रालय के पास होने के कारण स्थानीय रेलवे अधिकारी कुछ नहीं कर सके।
 
नागपुर बनेगा वंदे भारत हब
अगर पुणे-नागपुर वंदे भारत ट्रेन शुरू होती है, तो यह नागपुर से चलने वाली चौथी वंदे भारत सेवा होगी। इससे पहले नागपुर-बिलासपुर, उज्जैन-इंदौर और नागपुर-सिकंदराबाद रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलाई जा चुकी हैं। हालांकि कुछ वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि केंद्रीय रेलवे के पास फिलहाल इस सेवा को लेकर कोई जानकारी नहीं है, और मुंबई मुख्यालय को पिछले साल ही स्लीपर वंदे भारत के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बावजूद यात्रियों में उम्मीद है कि यह सेवा जल्द शुरू होगी और नागपुर की पहचान एक प्रमुख वंदे भारत केंद्र के रूप में और मजबूत होगी।