एनडीए में ऐतिहासिक पल! पहली बार पास आउट हुई 17 महिला कैडेट्स की बैच

30 May 2025 19:31:05
- एनडीए की 148वीं कोर्स का समाप

NDA Women cadets(Image Source-Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) ने शुक्रवार को एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना जब पहली बार 17 महिला कैडेट्स की बैच ने अकादमी से स्नातक किया। ये महिला कैडेट्स 336 कैडेट्स के उस समूह का हिस्सा थीं, जिन्होंने 148वीं कोर्स (स्प्रिंग टर्म 2025) पूरी की। रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस पासिंग आउट परेड (पीओपी) में कुल 1,341 कैडेट्स ने हिस्सा लिया। महाराष्ट्र के खडकवासला स्थित प्रतिष्ठित खेत्रपाल परेड ग्राउंड में यह आयोजन किया गया।
 
सम्मान और अनुशासन का प्रदर्शन
इस गरिमामय परेड की समीक्षा मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ) वी.के. सिंह (सेवानिवृत्त) ने की। परेड का संचालन एडजुटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल प्रवीण कुमार तिवारी ने अपने घोड़े 'रिलायंट रॉबिन' पर सवार होकर किया। परेड का नेतृत्व अकादमी कैडेट कप्तान उदयवीर सिंह नेगी (जी स्क्वाड्रन) ने अत्यंत सधे हुए सैन्य अनुशासन के साथ किया। यह आयोजन कैडेट्स की कठोर सैन्य और शैक्षणिक प्रशिक्षण के सफल समापन का प्रतीक था।
 
उत्कृष्टता को मिला सम्मान
इस अवसर पर राष्ट्रपति स्वर्ण पदक बटालियन कैडेट एडजुटेंट प्रिंस राज को, राष्ट्रपति रजत पदक अकादमी कैडेट कप्तान उदयवीर सिंह नेगी को, और राष्ट्रपति कांस्य पदक बटालियन कैडेट कप्तान तेजस भट्ट को प्रदान किया गया। गोल्फ स्क्वाड्रन को कुल मिलाकर श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित चीफ्स ऑफ स्टाफ बैनर से सम्मानित किया गया।
 
महिला शक्ति का नया अध्याय
स्प्रिंग टर्म 2025 की यह पासिंग आउट परेड एनडीए के इतिहास में मील का पत्थर बन गई है, क्योंकि इसमें पहली बार 17 महिला कैडेट्स ने प्रशिक्षण पूरा कर सेना में जाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। यह आयोजन न केवल एनडीए की परंपरा और समर्पण का प्रतीक है, बल्कि देश की सैन्य ताकत में महिला सशक्तिकरण की एक नई शुरुआत भी है। कार्यक्रम में कैडेट्स के परिवारों, गणमान्य व्यक्तियों, स्कूली बच्चों, नागरिकों तथा सेवा निवृत्त और वर्तमान सशस्त्र बलों के अधिकारियों की उपस्थिति रही। समारोह का समापन शानदार फ्लाईपास्ट के साथ हुआ, जिसमें चेतक हेलिकॉप्टर्स, सुपर डाइमोना ग्लाइडर्स और सुखोई-30 विमान शामिल थे।
Powered By Sangraha 9.0