(Image Source : Internet)
नागपुर।
वर्ल्ड ऑडियो एंड विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (WAVES Summit) के अवसर पर नागपुर में दुनिया की सबसे बड़ी सिनेमा स्क्रीन स्थापित करने की घोषणा की। यह घोषणा मशहूर फिल्म निर्माता अभिषेक अग्रवाल और विक्रम रेड्डी ने की है। इस परियोजना का उद्देश्य भारत को वैश्विक मनोरंजन केंद्र के रूप में स्थापित करना है। नागपुर में बनने वाला यह सिनेमा प्रोजेक्ट सिर्फ आकार में ही नहीं, बल्कि तकनीकी विशेषताओं के मामले में भी विश्वस्तरीय होगा।
अभिषेक अग्रवाल ने जताया मुख्यमंत्री फडणवीस का आभार
‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्माता अभिषेक अग्रवाल ने इस मौके पर कहा, “यह मेरे लिए एक गर्व का क्षण है कि मैं दुनिया का सबसे बड़ा सिनेमा थिएटर भारत में बना रहा हूं। यह प्रधानमंत्री मोदी जी के ‘वर्ल्ड-क्लास’ मनोरंजन उद्योग के विज़न के अनुरूप है।” उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को इस सपने में विश्वास जताने और समर्थन देने के लिए धन्यवाद भी दिया।
'मेक इन इंडिया' को मिलेगा नया आयाम
अग्रवाल ने आगे कहा, “यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का गौरव होगी। हमारा उद्देश्य है कि ये थिएटर कला के मंदिर की तरह हों – जनता के लिए, जनता द्वारा और जनता के ही।” इस सिनेमा प्रोजेक्ट से आम भारतीय दर्शकों को विश्वस्तरीय अनुभव मिलेगा और यह भारत के सांस्कृतिक गौरव में चार चांद लगाएगा।
विक्रम रेड्डी का विजन और उम्मीदें
UV क्रिएशंस के निर्माता विक्रम रेड्डी ने कहा, “हमने नेल्लोर में भारत की सबसे बड़ी स्क्रीन बनाई थी, अब नागपुर में दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन बनाकर इतिहास रचने जा रहे हैं। देश के केंद्र से शुरुआत करना हमारे लिए महत्वपूर्ण था।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया जिन्होंने भारतीय सिनेमा के विकास में विश्वास दिखाया और इस दिशा में उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।