इंफ्रास्ट्रक्चर को मिला बढ़ावा! गोकुलपेठ मार्केट और सांस्कृतिक संकुल पुनर्विकास को मिली मंजूरी

    26-May-2025
Total Views |
- सरकार ने दी दो प्रमुख परियोजनाओं को हरी झंडी

Gokulpeth market(Image Source-Internet) 
नागपुर।
शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक विकास को गति देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने दो महत्वपूर्ण पुनर्विकास परियोजनाओं गोकुलपेठ मार्केट (Gokulpeth market) और सांस्कृतिक संकुल को मंजूरी दे दी है। यह परियोजनाएं नागपुर सुधार न्यास (NIT) द्वारा उत्तर अंबाझरी रोड पर प्रस्तावित की गई हैं। सरकार ने इन परियोजनाओं की आर्थिक व्यवहार्यता को बढ़ावा देने के लिए भू-पट्टाधारकों से वार्षिक 2% भू-भाड़ा माफ कर दिया है, जिससे निवेशकों पर वित्तीय दबाव कम होगा और यह परियोजनाएं अधिक आकर्षक बनेंगी।
 
व्यावसायिक निवेश को मिलेगा बढ़ावा
NIT अधिकारियों के अनुसार, गोकुलपेठ मार्केट परियोजना में 50.88 करोड़ रुपये और सांस्कृतिक संकुल में 25.34 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी, जो वर्तमान रेडी रेकनर दरों के आधार पर आंकी गई है। एक वरिष्ठ NIT अधिकारी ने बताया, “व्यवसायियों को अब हर साल भू-भाड़ा नहीं देना होगा, जिससे उन्हें निवेश करने में सुविधा होगी। सरकार को भी इससे एकमुश्त राजस्व प्राप्त होगा।” गोकुलपेठ मार्केट परियोजना DBFOMS मॉडल के तहत क्रियान्वित की जा रही है, जिसमें NIT और नागपुर महानगरपालिका (NMC) समान लाभ साझा करेंगे। लगभग 1,100 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाला यह आधुनिक व्यावसायिक केंद्र विक्रेताओं और ग्राहकों दोनों के लिए सुविधाएं बढ़ाएगा।
 
सांस्कृतिक केंद्र बनेगा नया आकर्षण स्थल
सांस्कृतिक संकुल परियोजना, जिसकी अनुमानित लागत 320 करोड़ रूपये है, NIT स्विमिंग पूल के सामने स्थित सांस्कृतिक परिसर को आधुनिक स्वरूप देने का कार्य करेगी। यह क्षेत्र भविष्य में नागपुर के लिए एक प्रमुख सांस्कृतिक और मनोरंजन केंद्र के रूप में उभरेगा। राज्य सरकार ने NIT भूमि निपटान नियम, 1983 की धारा 26 के तहत अपने विशेषाधिकारों का उपयोग करते हुए इन छूटों को स्वीकृति दी। 14 सदस्यीय समिति की सिफारिशों और NIT बोर्ड की मंजूरी के बाद सरकार ने अंतिम मुहर लगाई। यह परियोजनाएं नागपुर को एक आधुनिक, जीवंत और समृद्ध शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।