(Image Source-Internet)
नई दिल्ली।
भारत (India) ने जापान को पछाड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा हासिल कर लिया है। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बी.वी.आर. सुब्रमण्यम ने 10वीं नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के आंकड़ों के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था अब 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गई है, जिससे वह जापान से आगे निकल गया है।
जल्द बनेगा तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
सुब्रह्मण्यम ने उम्मीद जताई कि भारत जल्द ही जर्मनी को भी पीछे छोड़ देगा और दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने कहा, “अगर हम अपनी योजनाओं पर टिके रहे तो अगले 2.5 से 3 वर्षों में हम जर्मनी से भी आगे निकल सकते हैं।” इस समय केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से आगे हैं।
IMF की रिपोर्ट में भारत की मजबूत स्थिति
IMF की अप्रैल 2025 की ‘वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक’ रिपोर्ट के अनुसार, भारत का नाममात्र GDP 2026 तक $4.187 ट्रिलियन तक पहुंचने का अनुमान है, जो जापान के अनुमानित $4.186 ट्रिलियन GDP से थोड़ा अधिक है। 2024 तक भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, लेकिन अब वह एक पायदान ऊपर चढ़ चुका है।
सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था
IMF ने यह भी अनुमान जताया है कि भारत अगले दो वर्षों तक विश्व की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। रिपोर्ट के अनुसार, भारत की आर्थिक वृद्धि दर 2025 में 6.2% और 2026 में 6.3% रहने की संभावना है, जो वैश्विक औसत (2025 में 2.8% और 2026 में 3.0%) से कहीं अधिक है।
विकासशील भारत की दिशा में बड़ा कदम
नीति आयोग के CEO ने कहा कि भारत अब "टेक ऑफ स्टेज" पर है, जहां से वह बहुत तेजी से विकास कर सकता है। उन्होंने भारत की जनसांख्यिकीय लाभ (Demographic Dividend) को आगामी 20-25 वर्षों में भारत की प्रमुख ताकत बताया। इस अवसर पर केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत ने #ViksitBharat की दिशा में एक "विशाल छलांग" लगाई है।