एवरेस्ट पर भारतीय और फिलिपीनी पर्वतारोहियों की मौत! 2025 वसंत सत्र की पहली त्रासदी

16 May 2025 20:05:10
- हिलेरी स्टेप के पास गिरे भारतीय पर्वतारोही

Climbers die(Image Source : Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
भारतीय पर्वतारोही सुब्रत घोष (45) की मौत माउंट एवरेस्ट (Everest) पर चढ़ाई के दौरान हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वे शिखर से नीचे उतरते समय "हिलेरी स्टेप" के पास अचानक गिर पड़े। यह स्थान 'डेथ ज़ोन' में स्थित है, जहां ऑक्सीजन की मात्रा बेहद कम होती है और स्थिति जानलेवा हो सकती है। बताया जा रहा है कि घोष को पहले ही लौटने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।
 
दक्षिण कोल में दम तोड़ गए फिलिपीनी पर्वतारोही
फिलिपीनी पर्वतारोही फिलिप II सैंटियागो (45) की मौत दक्षिण कोल में चौथे हाई कैंप पर विश्राम करते समय हुई। वे अत्यधिक थकान से जूझ रहे थे और अपने टेंट में आराम कर रहे थे, तभी उन्होंने दम तोड़ दिया। दोनों पर्वतारोही एक ही अंतरराष्ट्रीय अभियान दल का हिस्सा थे, जिसका नेतृत्व स्नोई होराइजन ट्रेक्स एंड एक्सपीडिशन कर रही थी।
 
सीजन की शुरुआत में ही दो मौतें
इस पर्वतारोहण सीजन में नेपाल सरकार ने अब तक 459 पर्वतारोहण परमिट जारी किए हैं और लगभग 100 पर्वतारोही एवरेस्ट शिखर तक पहुंच चुके हैं। लेकिन सीजन की शुरुआत में ही दो पर्वतारोहियों की मौत ने एक बार फिर एवरेस्ट पर चढ़ाई की खतरनाक चुनौतियों को उजागर कर दिया है।
 
नेपाल के लिए पर्वतारोहण है जीवनरेखा
नेपाल, जो दुनिया के सबसे गरीब देशों में शामिल है, के लिए पर्वतारोहण एक अहम आय और रोजगार का स्रोत है। अब तक एवरेस्ट पर 345 से अधिक मौतें दर्ज की जा चुकी हैं, जिससे यह पर्वत दुनियाभर के पर्वतारोहियों के लिए एक सपना होने के साथ-साथ एक घातक चुनौती भी बन गया है। सुब्रत घोष के शव को नीचे लाने के प्रयास जारी हैं और उनकी मौत के असली कारण का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा।
Powered By Sangraha 9.0