(Image Source : Internet)
नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मंगलवार को देशभर में 'तिरंगा यात्रा' की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य भारतीय सेना की वीरता को सम्मान देना और ऑपरेशन सिन्दूर की हालिया सफलता से नागरिकों को अवगत कराना है। दिल्ली में इस अभियान की शुरुआत 108 फीट ऊंचे तिरंगे के साथ कर्तव्य पथ से हुई, जो राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर समाप्त होगी। इस यात्रा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, एनजीओ, आरडब्ल्यूए, धार्मिक और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए।
राष्ट्रवाद और एकता का संदेश देने का प्रयास
बीजेपी सूत्रों के अनुसार, विभिन्न राज्यों में यह यात्रा पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और प्रमुख जन प्रतिनिधियों के नेतृत्व में निकाली जाएगी, जिससे देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गर्व का संदेश मजबूत हो। इसे केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम न मानते हुए बीजेपी इसे एक जन-आंदोलन का रूप देना चाहती है। इस अभियान की रूपरेखा तय करने के लिए 12 मई को पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने महासचिवों के साथ अहम बैठक की थी। इस अभियान के समन्वय की जिम्मेदारी डॉ. संबित पात्रा, विनोद तावड़े और तरुण चुग जैसे वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है।
ऑपरेशन सिन्दूर की पृष्ठभूमि और उद्देश्य
ऑपरेशन सिन्दूर 7 मई को उस समय शुरू किया गया था जब 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में 26 नागरिकों की जान चली गई थी। इसके जवाब में भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर 100 से अधिक आतंकवादियों को मार गिराया। पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई के बावजूद भारत ने सख्ती से पलटवार किया, जिससे अंततः युद्धविराम की स्थिति बनी। बीजेपी का उद्देश्य तिरंगा यात्रा के माध्यम से देशवासियों को आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी प्रतिक्रिया और सैन्य संकल्प की याद दिलाना है, साथ ही युवाओं में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करना है।
विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा :
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम से तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के साथ 'भारत शौर्य तिरंगा यात्रा' में भाग लिया।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा के मंत्री सूर्यवंशी सूरज द्वारा चलाई जा रही बाइक पर सवार होकर भुवनेश्वर में भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा यात्रा बाइक रैली का नेतृत्व किया।
लखनऊ | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में आयोजित 'भारत शौर्य तिरंगा यात्रा' का अवलोकन किया।
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: 'भारत शौर्य तिरंगा यात्रा' के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "...यह तिरंगा यात्रा भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता को नमन करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए है। यह यात्रा #ऑपरेशनसिंदूर की सफलता का प्रतीक है, जिसे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद को समाप्त करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा अंजाम दिया गया था। देशवासियों ने स्वयं देखा है कि आतंकवाद की जननी पाकिस्तान को खत्म कर दिया गया है और ऑपरेशन सिंदूर, जिसका उद्देश्य आतंकवाद और उसके सरगनाओं का सफाया करना था, पूरी तरह सफल रहा है।"
देहरादून | उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सशस्त्र बलों ने साहस, पराक्रम और सटीक रणनीति के साथ निर्णायक जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान द्वारा पोषित नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर दिया, जिससे पाकिस्तान की सेना घुटनों पर आ गई... भारत की जनता ने हमारी सेना और देश के साथ खड़े होकर एकता और अखंडता का परिचय दिया है।"
रांची, झारखंड | रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, "विपक्ष के पास अब कहने के लिए कुछ नहीं है। विपक्ष के युवराज जब भी विदेश जाते हैं, भारत के खिलाफ नकारात्मक बातें करते हैं। उन्हें न तो न्यायपालिका पर भरोसा है, न चुनाव आयोग, ईवीएम, ईडी या सीबीआई पर... यहां तक कि उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर भी कई बातें कही हैं... लेकिन आज देश की जनता गर्व से 'भारत माता की जय' के नारे लगा रही है और भारतीय सेना को सलाम कर रही है... इसी भावना के साथ आज रांची में 'तिरंगा यात्रा' निकाली जा रही है और मैं इस यात्रा में शामिल होने आया हूं..."
रांची, झारखंड | रूस यात्रा के दौरान रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा, "...रूस और भारत के बीच सौ से अधिक वर्षों का संबंध है... रूस में भारतीय प्रवासी और यहां के भारतीय समान रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन को एक साथ देखकर उत्साहित हैं। दोनों के बीच टेलीपैथी और गहरी दोस्ती है। मुझे राष्ट्रपति पुतिन से मिलने का सौभाग्य प्राप्त हुआ..."
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे में भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा रैली में भाग लिया।
हिमाचल प्रदेश के विपक्षी नेता जयराम ठाकुर ने शिमला में भारतीय सशस्त्र बलों के सम्मान में निकाली गई तिरंगा रैली में भाग लिया।