- नागपुर मनपा चुनाव से पहले भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल
(Image Source : Internet)
नागपुर।
महानगरपालिका चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव किया है। पूर्व महापौर और पार्टी के वरिष्ठ नेता दयाशंकर तिवारी (Dayashankar Tiwari) को नागपुर शहर भाजपा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे बंटी कुकड़े की जगह लेंगे, जो अब तक इस पद पर थे। तिवारी नागपुर के 54वें महापौर रह चुके हैं और संगठन में उनकी गिनती पार्टी के अनुभवी नेताओं में होती है। इस बदलाव को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
काटोल और रामटेक को मिला नया नेतृत्व
केवल शहर ही नहीं, बल्कि भाजपा ने नागपुर ग्रामीण इकाई में भी नेतृत्व परिवर्तन किया है। मनोहर कुंभारे को काटोल और अनंतराव राउत को रामटेक क्षेत्र का नया भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को पार्टी के संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को धार देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी बदलाव संभव हैं, जिससे संगठन चुनावी मोर्चे पर पूरी तरह से तैयार हो सके।