कोविड-19 की उत्पत्ति को लेकर चीन ने अमेरिका पर लगाया आरोप

    01-May-2025
Total Views |
- ट्रंप के आरोप के बाद चीन का पलटवार

COVID 19(Image Source : Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा कोविड 19 (COVID 19) को वुहान लैब से लीक बताया जाने के बाद चीन ने जोरदार प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को चीन ने अमेरिका पर महामारी की उत्पत्ति का आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका "जिम्मेदारी से बचने" के लिए इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रहा है। चीनी अधिकारियों ने कहा कि "पर्याप्त साक्ष्य" यह दर्शाते हैं कि कोविड-19 का उद्गम अमेरिका में चीन से पहले ही हो चुका था और वुहान लैब लीक सिद्धांत "बेहद असंभव" है।
 
व्हाइट हाउस की नई रिपोर्ट बनी विवाद की वजह
हाल ही में व्हाइट हाउस ने अपनी कोविड-19 संबंधित जानकारी को संशोधित करते हुए यह दावा किया कि वायरस की उत्पत्ति वुहान इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी से हुई हो सकती है। वेबसाइट पर एक अनुभाग में लिखा गया, "गेन-ऑफ-फंक्शन रिसर्च से जुड़ी लैब घटना कोविड-19 की सबसे संभावित उत्पत्ति है।" जनवरी में CIA ने भी कहा था कि वायरस की लैब से उत्पत्ति की संभावना अधिक है, लेकिन इस निष्कर्ष पर उसकी "कम आत्मविश्वास" है और दोनों ही थ्योरी संभव हैं।
 
WHO रिपोर्ट का हवाला देकर अमेरिका की आलोचना
चीन ने WHO के साथ किए गए एक संयुक्त अध्ययन का हवाला देते हुए कहा कि वायरस संभवतः चमगादड़ों से किसी अन्य जानवर के ज़रिये मनुष्यों में फैला। चीनी श्वेत पत्र में अमेरिका पर कोविड-19 से लड़ने में असफल रहने और वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा को कमजोर करने का आरोप लगाया गया। चीन ने कहा कि अमेरिका को महामारी से निपटने में अपनी विफलताओं पर आत्ममंथन करना चाहिए, न कि अन्य देशों पर आरोप लगाकर ध्यान भटकाना चाहिए।