- ओडिशा के छोटे से गांव से टॉपर बनने तक का सफर
(Image Source : Internet)
नागपुर :
कांताबांजी, बलांगीर जिले (ओडिशा) के रहने वाले डॉ. यश जैन (Dr Yash Jain) ने NEET सुपर स्पेशियलिटी (NEET-SS) 2024 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 1 प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। 27 वर्षीय डॉ. जैन ने 600 में से 498 अंक हासिल किए और यह उपलब्धि हासिल करने वाले नागपुर स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के पहले रेजिडेंट डॉक्टर बन गए हैं। MBBS की पढ़ाई उन्होंने मुंबई के किंग एडवर्ड मेमोरियल कॉलेज से की थी और पोस्टग्रेजुएशन GMCH नागपुर से किया, जहां वे सर्जरी यूनिट-1 में कार्यरत रहे।
दादी का सपना किया पूरा, गांव के लिए गर्व का क्षण
डॉ. जैन ने बताया कि उन्होंने 2012 में गांव छोड़ा था, जब उनके गांव में डॉक्टर तो दूर, इलाज की भी उचित सुविधा नहीं थी। उनके दादा, स्व. लीलूराम जैन का सपना था कि परिवार से कोई डॉक्टर बने, जिसे अब उन्होंने साकार किया है। एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले डॉ. यश के पिता सुनील कुमार जैन एक इलेक्ट्रिकल दुकान चलाते हैं, जबकि मां पूजा जैन गृहिणी हैं। उनका छोटा भाई हरि एक चार्टर्ड अकाउंटेंट है।
देश में ही सेवा का संकल्प, नेताओं ने दी बधाई
डॉ. यश फिलहाल GMCH नागपुर में सर्जरी विभाग के अंतिम वर्ष के रेजिडेंट हैं और अब दिल्ली के किसी संस्थान से गैस्ट्रोएन्टेरोलॉजी में MCh करने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने अपने शिक्षकों और वरिष्ठों को सफलता का श्रेय दिया, जिनमें डीन डॉ. राज गजभीये, डॉ. अविनाश गवांडे, डॉ. हेमंत भानारकर, डॉ. विक्रांत अकलवार सहित कई अन्य शामिल हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, विपक्ष के नेता नवीन पटनायक और अन्य नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।