पीएम मोदी ने थाईलैंड में देखा रामायण का थाई संस्करण

    03-Apr-2025
Total Views |
- रामकियेन का भव्य प्रदर्शन

PM Modi saw Thai version of Ramayana(Image Source : Internet) 
एबी न्यूज नेटवर्क।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने गुरुवार को थाईलैंड में रामायण के थाई संस्करण रामकियेन का मनमोहक प्रदर्शन देखा। यह प्रस्तुति थाईलैंड के बुंडिटपत्थनसिल्पा संस्थान के संगीत और नाट्य संकाय के छात्रों द्वारा दी गई। इस अवसर पर एकलाक नू-गुएन और उनकी टीम ने भारतनाट्यम और थाईलैंड की खोन नृत्य शैलियों का मिश्रण प्रस्तुत किया। यह नृत्य भारत और थाईलैंड की सांस्कृतिक एकता को दर्शाने वाला अद्भुत प्रदर्शन था।
 
रामायण: भारत और थाईलैंड की साझा विरासत
रामायण भारत और थाईलैंड दोनों देशों की सांस्कृतिक विरासत में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। भारतीय रामायण में भगवान राम को अयोध्या के राजकुमार के रूप में दिखाया गया है, जबकि थाई संस्करण में उन्हें फ्रा राम कहा जाता है। दोनों ही संस्करणों में त्याग, कर्तव्य, भक्ति और सत्य की विजय जैसे समान मूल्य दर्शाए गए हैं। इस ऐतिहासिक ग्रंथ के माध्यम से भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक संबंध और गहरे होते हैं।
 
बिम्सटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे पीएम मोदी
थाईलैंड के उप विदेश मंत्री लालिवन कर्नचनचारी ने एएनआई से बातचीत में कहा, "आज हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमारे खूबसूरत देश में स्वागत करते हैं। वह बिम्सटेक सम्मेलन में भाग लेने के लिए यहां आए हैं। रामायण और रामकियेन के अद्भुत प्रदर्शन में भारतीय और थाई संस्कृतियों का संगम देखने को मिला।" वहीं, एक कलाकार ने खुशी जताते हुए कहा, "हम गर्व महसूस कर रहे हैं कि हमने प्रधानमंत्री मोदी के सामने अपनी प्रस्तुति दी।"
 
भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी जब बैंकॉक के होटल पहुंचे, तो उनका गरबा नृत्य प्रदर्शन के साथ स्वागत किया गया। भारतीय समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया। इसके अलावा, बैंकॉक हवाई अड्डे पर भी भारतीय प्रवासी समुदाय ने पीएम मोदी का जोशपूर्ण स्वागत किया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वे थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री सुरिया जंगरुंगरुंगकिट से मुलाकात करते हुए और भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत करते हुए नजर आए।