(Image Source : Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
भारतीय नौसेना की जहाज INSV तारिणी (INSV Tarini), जो ‘नविका सागर परिक्रमा II’ मिशन पर थी, अब अपनी भारत वापसी की ओर अग्रसर है। भारतीय नौसेना ने शुक्रवार को एक आधिकारिक बयान में इसकी जानकारी दी। नौसेना ने बताया कि इस अभियान के दौरान जहाज ने दक्षिणी महासागर की चुनौतीपूर्ण जलधाराओं को पार करते हुए तीन प्रमुख केप - केप ऑफ गुड होप, केप लिविन और केप हॉर्न को पार किया।
समुद्री कौशल और साहस का प्रदर्शन
भारतीय नौसेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा, "नविका सागर परिक्रमा II - INSV तारिणी अब भारत वापसी की राह पर है! केप ऑफ गुड होप को पार करना इस ऐतिहासिक यात्रा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दक्षिणी महासागर की कठिन चुनौतियों को पार कर यह दल अब भारत की ओर बढ़ रहा है। इस साहसिक अभियान ने भारतीय नौकायन, समुद्री कौशल और टीम भावना की मिसाल पेश की है।"
केपटाउन से अंतिम चरण की शुरुआत
INSV तारिणी को 15 अप्रैल 2025 को केपटाउन के रॉयल केप यॉट क्लब से औपचारिक रूप से रवाना किया गया था। रक्षा मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुबह 10:30 बजे (स्थानीय समय) और भारतीय समयानुसार दोपहर 2:00 बजे आयोजित इस समारोह में भारत के कार्यवाहक कौंसल जनरल, दक्षिण अफ्रीका में भारतीय रक्षा अटैशे, यॉट क्लब के सदस्य और भारतीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
महिला सशक्तिकरण और समुद्री नेतृत्व का प्रतीक
‘नविका सागर परिक्रमा II’ न केवल एक समुद्री उपलब्धि है, बल्कि यह महिलाओं के सशक्तिकरण, भारत की समुद्री क्षमता और राष्ट्रीय गौरव का भी प्रतीक है। यह अभियान समुद्री क्षेत्र में महिलाओं के भविष्य के लिए एक प्रेरणा बन चुका है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, INSV तारिणी के मई 2025 के अंत तक गोवा पहुंचने की उम्मीद है, जिससे यह ऐतिहासिक यात्रा पूर्णता को प्राप्त करेगी।