मंगेशकर पुरस्कार 2025! सचिन पिळगांवकर, शरद पोंक्षे सहित कई हस्तियों को दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार

    16-Apr-2025
Total Views |
- कुमार मंगलम बिड़ला को मिलेगा लता मंगेशकर पुरस्कार

Dinanath Mangeshkar Award(Image Source : Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
आदित्य बिड़ला समूह के अध्यक्ष और पद्म विभूषण सम्मानित उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला को इस वर्ष का लता मंगेशकर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार उनकी दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता और भारत के विकास में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया जा रहा है। लता मंगेशकर की स्मृति में 2022 में स्थापित इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आशा भोसले और अमिताभ बच्चन को भी सम्मानित किया जा चुका है।
 
दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित होंगी कई हस्तियां
दीनानाथ मंगेशकर पुरस्कार 2025 के अंतर्गत संगीत, नाटक, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष यह पुरस्कार अभिनेत्री श्रद्धा कपूर, वरिष्ठ अभिनेता सचिन पिळगांवकर, अभिनेता शरद पोंक्षे, अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी, गायिका रीवा राठौड़ और वायलिन वादक एन. राजम को दिया जाएगा। इसके अलावा, साहित्य क्षेत्र में वरिष्ठ लेखक श्रीपाल साबनीस और नाट्य क्षेत्र में नाटक ‘असें मी नसें मी’ को पुरस्कृत किया गया है।
 
सामाजिक क्षेत्र में 'आरंभ' संस्था को मिलेगा सम्मान
सामाजिक कार्य के क्षेत्र में ‘आरंभ सोसायटी फॉर ऑटिज्म’ को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह संस्था ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों और उनके परिवारों के लिए समर्पित कार्य कर रही है और समाज में जागरूकता फैलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
 
24 अप्रैल को होगा पुरस्कार समारोह
यह पुरस्कार कार्यक्रम 24 अप्रैल को परळ स्थित दीनानाथ मंगेशकर नाट्यमंदिर में आयोजित किया जाएगा। यह दिन पं. दीनानाथ मंगेशकर की जयंती भी है। सभी पुरस्कार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के हाथों प्रदान किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन मास्टर दीनानाथ मंगेशकर स्मृति प्रतिष्ठान द्वारा किया गया है।