लोकसभा में प्रियंका गांधी का पलटवार! “नेहरू 12 साल जेल में रहे, फिर भी आलोचना जारी”

08 Dec 2025 18:53:32
- वंदे मातरम् विवाद पर सख्त प्रतिक्रिया

Priyanka GandhiImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
लोकसभा में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आरोपों का जोरदार जवाब देते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 12 वर्ष जेल में बिताए, उतना ही समय जितना वर्तमान प्रधानमंत्री ने सत्ता में बिताया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति ने देश को कई महत्वपूर्ण संस्थान दिए, उसकी बार-बार आलोचना क्यों की जाती है। प्रियंका ने कहा, “आप नेहरू जी की आलोचना करते हैं, लेकिन अगर उन्होंने इसरो नहीं बनाया होता, तो मंगलयान संभव नहीं होता। अगर उन्होंने एम्स की स्थापना नहीं की होती, तो कोरोना महामारी का सामना कैसे किया जाता?” उनकी प्रतिक्रिया प्रधानमंत्री मोदी के उस बयान के बाद आई जिसमें उन्होंने कांग्रेस पर वंदे मातरम् को लेकर मुस्लिम लीग की आपत्तियों के आगे झुकने का आरोप लगाया था।

“वंदे मातरम् पर बहस की जरूरत नहीं”
प्रियंका गांधी ने कहा कि वंदे मातरम् भारत की आज़ादी की लड़ाई की आत्मा है और इसे संसद में बहस का विषय बनाना देश की स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि 75 साल बाद इस मुद्दे को दोबारा क्यों उछाला जा रहा है। उनकी आलोचना थी कि सरकार असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे विवाद खड़े कर रही है। उन्होंने कहा, “यह बहस ही गलत है। वंदे मातरम् पर सवाल उठाना संविधान और स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत पर हमला है। यह सब बंगाल को ध्यान में रखकर किया जा रहा है ताकि जनता वर्तमान और भविष्य के वास्तविक मुद्दों को भूल जाए।”
 
जनता के असली मुद्दे अनदेखे: प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक तनाव जैसे कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि संसद को ऐसे मुद्दों पर बहस करनी चाहिए जो सीधे तौर पर लोगों के जीवन को प्रभावित करते हों, मगर सरकार बीते इतिहास को उछाल कर जन-सरकार को भटकाने में लगी हुई है। उनके अनुसार, “लोग खुश नहीं हैं। वे कई समस्याओं से घिरे हैं, लेकिन सरकार उन पर चर्चा नहीं कर रही। ऐसे में वंदे मातरम् पर विवाद पैदा करना जनता को भ्रमित करने का तरीका है।”
 
नेहरू की विरासत का बचाव, संस्थानों का उल्लेख
नेहरू पर लगातार हो रहे हमलों का जवाब देते हुए प्रियंका गांधी ने उनके योगदानों को विस्तार से गिनाया। उन्होंने कहा कि आज देश जिन संस्थानों पर गर्व करता है—चाहे इसरो हो या एम्स—उनकी नींव नेहरू ने रखी थी। उन्होंने व्यंग्य करते हुए सुझाव दिया कि अगर संसद वंदे मातरम् जैसे विवादों पर बहस कर सकती है, तो एक बार नेहरू पर लगते आरोपों पर भी समर्पित बहस होनी चाहिए, ताकि यह अध्याय हमेशा के लिए समाप्त हो सके।
उन्होंने कहा कि नेहरू ने 12 साल जेल में बिताए, आजादी के लिए संघर्ष किया, देश के आधुनिक ढांचे की नींव रखी, फिर भी उनकी लगातार आलोचना करना अनुचित है।
Powered By Sangraha 9.0