विदर्भ में सर्दी का असर तेज, नागपुर में पारा 8.6 डिग्री तक लुढ़का

20 Dec 2025 16:10:38

Cold wave
 Image Source:(Internet)
नागपुर।
शहर में सर्दी (Cold) ने अब साफ तौर पर दस्तक दे दी है। मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार शहर का न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की अब तक की ठंडी रातों में से एक है। रात के तापमान में आई गिरावट के चलते सुबह के समय ठंड का असर साफ नजर आया। अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा कम है। वहीं, आर्द्रता का स्तर लगभग 69 प्रतिशत दर्ज किया गया। सुबह के समय दृश्यता 2 से 4 किलोमीटर के बीच रही, जिससे हल्की धुंध और ठंडी हवाओं का एहसास हुआ। ठंड बढ़ने के कारण सुबह-शाम लोग गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखाई दिए।
 
विदर्भ के अन्य जिलों में भी ठंड बढ़ी
नागपुर के साथ-साथ पूरे विदर्भ क्षेत्र में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गोंदिया जिले में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो क्षेत्र में सबसे ठंडी जगह रही। इसके अलावा यवतमाल में पारा 9.0 डिग्री और वर्धा में 9.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अन्य जिलों में भी रातें ठंडी रहीं, हालांकि दिन का तापमान अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है। अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 26 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत के आसपास है। इससे दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का मिला-जुला असर महसूस किया जा रहा है।
 
शुष्क मौसम जारी रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार विदर्भ के किसी भी जिले में बारिश दर्ज नहीं की गई है और आने वाले दिनों में भी शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि रात के तापमान में धीरे-धीरे हो रही गिरावट मौसमी बदलाव का हिस्सा है। अगले कुछ दिनों तक सुबह और रातें ठंडी रहेगी, जबकि दोपहर में हल्की गर्माहट बनी रहेगी। ठंड बढ़ने के साथ लोगों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
 
Powered By Sangraha 9.0