मनपा चुनावों का बजा बिगुल! 15 जनवरी को मतदान, 16 को नतीजे

15 Dec 2025 17:45:12
- महाराष्ट्र की राजनीति में नई करवट
- पहला चरण: चुनावी रण की आधिकारिक घोषणा

Municipal electionsImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
महाराष्ट्र में लंबे समय से प्रतीक्षित महानगर पालिका चुनावों (Municipal elections) का रास्ता आखिर साफ हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने 29 मनपा के चुनाव की घोषणा करते हुए साफ किया कि 15 जनवरी 2026 को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 16 जनवरी को होगी। इनमें 27 वे मनपा शामिल हैं जिनका कार्यकाल समाप्त हो चुका है, वहीं नवगठित इचलकरंजी और जालना मनपा में भी पहली बार जनता अपने प्रतिनिधि चुनेगी। कुल 2069 सदस्यों के लिए होने वाले इस चुनाव में 3.48 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मुंबई में वार्ड प्रणाली के तहत मतदाता एक वोट डालेंगे, जबकि अन्य नगर निगमों में बहु-सदस्यीय प्रणाली के कारण 3 से 5 वोट तक डालने होंगे।
 
दूसरा चरण: चुनावी व्यवस्था और चुनौतियां
राज्यभर में 39,147 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें अकेले मुंबई में 10,111 केंद्र होंगे। मतदाता सूची 1 जुलाई 2025 की लागू रहेगी, जिसे भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त किया गया है। डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर उनके नामों के आगे दो सितारे लगाए गए हैं। मुंबई में करीब 11 लाख संभावित डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं। चुनावी प्रक्रिया के लिए राज्यभर में 870 अधिकारी और लगभग 1.96 लाख कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। प्रचार मतदान से 48 घंटे पहले थम जाएगा और इसके बाद किसी भी तरह का विज्ञापन प्रतिबंधित रहेगा।
 
तीसरा चरण : राजनीतिक संग्राम और सुप्रीम कोर्ट का दबाव
इन चुनावों को समय पर कराने के पीछे सुप्रीम कोर्ट का सख्त निर्देश अहम कारण रहा है, जिसमें 31 जनवरी 2026 तक चुनाव पूरे करने को कहा गया है। कई मनपा में आरक्षण 50 प्रतिशत से अधिक होने के बावजूद चुनाव कराए जा रहे हैं। महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच कड़ा मुकाबला तय माना जा रहा है। सिर्फ 29 दिनों के सीमित प्रचार समय में राजनीतिक दल पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में हैं। यह चुनाव न सिर्फ स्थानीय सत्ता का फैसला करेंगे, बल्कि महाराष्ट्र की भविष्य की राजनीति की दिशा भी तय कर सकते हैं।
 
शेड्यूल इस प्रकार :
⦁ नॉमिनेशन पेपर स्वीकार किए जाएंगे - 23 दिसंबर से 30 दिसंबर तक
⦁ एप्लीकेशन की जांच - 31 दिसंबर
⦁ नाम वापस लेने की आखिरी तारीख - 2 जनवरी
⦁ सिंबल बांटना और उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट - 3 जनवरी
⦁ वोटिंग - 15 जनवरी
⦁ नतीजे - 16 जनवरी
Powered By Sangraha 9.0