22 दिसंबर से दोबारा शुरू होगा मानकापुर आधार सेवा केंद्र

15 Dec 2025 19:28:13

Mankapur Aadhaar Seva KendraImage Source:(Internet) 
नागपुर |
मानकापुर स्थित आधार सेवा केंद्र (Aadhaar Seva Kendra) अब एक सप्ताह और बंद रहेगा और 22 दिसंबर से पुनः शुरू होने की संभावना है। इससे पहले केंद्र को 15 दिसंबर को खोला जाना था, लेकिन तकनीकी तैयारियां पूरी न होने के कारण इसे टाल दिया गया। केंद्र के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए 20 दिसंबर को तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। देशभर में UIDAI द्वारा संचालित 128 आधार केंद्रों के अनुबंध की अवधि समाप्त होने के बाद सेवाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गई थीं। नए टेंडर प्रक्रिया के बाद नागपुर के इस केंद्र का संचालन अब प्रोटियन (Protean) को सौंपा गया है। केंद्र के दोबारा खुलने के बाद आधार नामांकन, अपडेट और अन्य संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
 
सेवा मॉडल बदला, नागरिकों में बढ़ी नाराजगी
इस बार आधार सेवा केंद्र में संचालन मॉडल में भी बदलाव किया गया है। पहले जहां A-मॉडल के तहत 16 किट्स से सेवाएं दी जाती थीं, वहीं अब B-मॉडल के अंतर्गत 8 किट्स के जरिए काम किया जाएगा, ताकि भीड़ और कार्यभार को संतुलित रखा जा सके। गौरतलब है कि यह केंद्र 26 नवंबर से बंद है, जिससे मानकापुर और आसपास के इलाकों के नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। बार-बार तारीख आगे बढ़ने से लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। कई नागरिक आवश्यक कामों के लिए केंद्र पहुंचते रहे, लेकिन हर बार निराश होकर लौटना पड़ा। अब लोगों को उम्मीद है कि 22 दिसंबर से सेवाएं नियमित रूप से शुरू होंगी।
Powered By Sangraha 9.0