विनेश फोगाट ने तोड़ी संन्यास की चुप्पी! फिर अखाड़े में वापसी

    12-Dec-2025
Total Views |
- LA28 की तैयारियों में जुटीं विनेश

Vinesh PhogatImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
भारतीय स्टार पहलवान विनेश फोगाट (Vinesh Phogat) ने अपने संन्यास के फैसले को खत्म करते हुए एक बार फिर कुश्ती में जोरदार वापसी का ऐलान किया है। पेरिस ओलंपिक 2024 में हुए विवाद और मिली निराशा के बाद विनेश ने कुछ समय के लिए खेल से दूरी बना ली थी। लेकिन 12 दिसंबर को उन्होंने आधिकारिक रूप से घोषणा की कि वे दोबारा अपने ओलंपिक सपने को पूरा करने के लिए मैट पर उतरेंगी। सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए विनेश ने बताया कि 18 महीनों का ब्रेक उनके लिए आत्ममंथन का समय था, जिसने उन्हें अपनी यात्रा, संघर्षों और भविष्य को समझने का मौका दिया।
 
नई ऊर्जा के साथ नई शुरुआत
गौरतलब है कि विनेश ने इस दौरान राजनीति में कदम रखते हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों में जुलाना सीट से जीत हासिल की थी। उन्होंने 6,000 वोटों के अंतर से जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रभाव छोड़ा। विनेश ने लिखा कि लोग लगातार पूछते थे कि क्या पेरिस ही अंत था, लेकिन खुद को समय देने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि खेल के प्रति उनका जुनून अभी भी जिंदा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद जब वे शोर और दबाव से दूर हुईं तो उन्हें भीतर छिपी उस आग का अहसास हुआ, जो कभी बुझी ही नहीं थी। अनुशासन, दिनचर्या और संघर्ष ये सब उनकी पहचान का हिस्सा हैं और उन्हें फिर से खेल में लौटने की प्रेरणा दे रहे हैं।
 
बेटा बना नई प्रेरणा
जुलाई में बेटे के जन्म के बाद विनेश फोगाट अब उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में शामिल होंगी जो मां बनने के बाद भी खेल में शानदार वापसी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इस बार वह अकेली नहीं हैं उनका बेटा उनका सबसे बड़ा मोटिवेशन और छोटा चीयरलीडर बनकर उनके साथ रहेगा। LA28 ओलंपिक को लक्ष्य बनाते हुए विनेश ने दृढ़ संकल्प के साथ अपनी दूसरी पारी की शुरुआत की है और स्पष्ट किया है कि उनका हौसला अब पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है।