- राजनीतिक कारणों से मध्य पूर्व में नहीं मिली रिलीज
Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क :
आदित्य धर निर्देशित फिल्म धुरंधर (Dhurandhar) भारत में धूम मचा रही है, लेकिन गल्फ देशों में इसे बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बहरीन, कतर, सऊदी अरब, यूएई, ओमान और कुवैत सहित सभी गल्फ देशों में फिल्म को रिलीज़ की मंज़ूरी नहीं मिली। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में बताया गया कि फिल्म को “एंटी-पाकिस्तान” थीम वाला माना गया, जिस वजह से इसे सेंसर पास नहीं किया गया। पहले भी इस तरह की विषय-वस्तु पर आधारित फिल्मों को इस क्षेत्र में प्रतिबंध का सामना करना पड़ चुका है। टीम ने प्रयास जरूर किया, लेकिन सभी देशों ने फिल्म की थीम पर आपत्ति जताई, जिसके चलते धुरंधर का मध्य-पूर्व में कोई शो नहीं लगाया गया।
ओवरसीज में अच्छा ओपनिंग
गल्फ बैन के बावजूद धुरंधर ने ओवरसीज़ मार्केट में दमदार शुरुआत की और चार दिनों में 44.08 करोड़ रूपये कमा लिए। ट्रेड विशेषज्ञों का मानना है कि यूएई/जीसीसी बेल्ट जो बॉलीवुड फिल्मों के लिए सबसे बड़ा विदेशी बाजार है में रिलीज़ मिली होती तो कमाई और भी ज़्यादा होती। इस क्षेत्र में पहले भी कई भारतीय फिल्मों को इसी तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा है। स्काई फोर्स, द डिप्लोमैट, आर्टिकल 370, टाइगर 3 और द कश्मीर फ़ाइल्स जैसी फिल्मों पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। ऋतिक रोशन की फाइटर को भी पहले बैन किया गया था और एडिटेड वर्ज़न भेजने के बाद भी रिलीज़ की अनुमति नहीं मिली।
भारत में ‘धुरंधर’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफानी प्रदर्शन
दूसरी ओर, भारत में धुरंधर का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है। सकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने सातवें दिन 27 करोड़ रूपये की कमाई की, जिससे इसका कुल घरेलू कलेक्शन 207.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। गुरुवार को ही फिल्म ने 29.20 करोड़ रूपये कमाए थे, जो इसकी मजबूत वीकडे होल्ड का प्रमाण है। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और आर. माधवन अभिनीत इस फिल्म ने दर्शकों को थ्रिल, एक्शन और हाई-एड्रेनालिन मिशन की कहानी से बांधे रखा है।
सीक्वल की तैयारी ने बढ़ाई उत्सुकता
फिल्म की कहानी आर. माधवन द्वारा निभाए गए इंटेलिजेंस ब्यूरो चीफ अजय सन्याल के इर्द-गिर्द घूमती है, जो पाकिस्तान में आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए खतरनाक गुप्त मिशन संचालित करता है। रणवीर सिंह एक पंजाबी युवक की भूमिका में हैं, जिसे जेल से निकालकर कराची के अंडरवर्ल्ड में घुसपैठ के लिए तैयार किया जाता है। इस मिशन की इमोशनल और ड्रामेटिक लेयर ने दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी है। फिल्म की अपार सफलता देखते हुए मेकर्स ने धुरंधर 2 की घोषणा कर दी है, जो 19 मार्च 2026 को रिलीज़ होगी और यह यश की फिल्म टॉक्सिक से आमने-सामने की टक्कर देगी।