Pune Accident : पार्किंग साफ करते समय महिला पानी की टंकी में गिरी, CCTV वीडियो सामने आया

12 Dec 2025 17:42:12
सफाई के दौरान कदम फिसला, खुली टंकी में गिरने से मौत

Woman falls into water tankImage Source:(Internet) 
पुणे।
पिंपरी-चिंचवड क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जिसमें 46 साल की महिला आशाबाई धोणे की मौत हो गई। घटना गुरुवार, 11 मई की शाम की बताई जा रही है। यशोदा स्प्लेंडर पार्क सोसायटी, दुधलगाव में सफाईकर्मी के रूप में काम करने वाली आशाबाई रोज की तरह पार्किंग (Parking) एरिया झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान वह पानी की टंकी के किनारे पहुंच गईं, जिसकी ढक्कन नहीं था। झाड़ू लगाते समय उनका एक पैर अचानक टंकी में फिसल गया और वह सीधे पानी से भरी गहराई में गिर पड़ीं। गिरते ही उनका संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और कुछ ही क्षणों में वह पानी में डूब गईं। मदद के लिए आवाज देने की कोशिश की, लेकिन किसी के पहुंचने से पहले ही उनकी दम घुटने से मौत हो गई।
 
 
CCTV में कैद हुआ दिल दहला देने वाला पल, सुरक्षा गार्ड ने दी सूचना
इस हादसे की पूरी घटना सोसायटी की CCTV फुटेज में कैद हो गई, जिसे देखकर लोग स्तब्ध रह गए। वीडियो में साफ दिखता है कि आशाबाई झाड़ू लगाते लगाते टंकी के पास पहुंचती हैं और अचानक गिर जाती हैं। काफी समय गुजरने के बाद जब सोसायटी का सुरक्षा गार्ड परिसर का निरीक्षण कर रहा था, तब उसे संदेह हुआ कि आशाबाई दिखाई नहीं दे रही हैं। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह टंकी में गिर चुकी हैं। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका की फायर टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
 
फायर ब्रिगेड ने निकाला शव, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
फायर ब्रिगेड कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आशाबाई के शव को पानी से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद धोणे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सोसायटी के निवासी और स्थानीय लोग भी गहरी शोक व्यक्त कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि टंकी का ढक्कन खुला होना इस हादसे की बड़ी लापरवाही है और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। यह हादसा न सिर्फ एक जान जाने की त्रासदी है, बल्कि यह भी बताता है कि आवासीय परिसरों में बेसिक सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है।
Powered By Sangraha 9.0