लुथरा ब्रदर्स की वापसी में देरी! थाईलैंड से भारत लाने की प्रक्रिया कैसे चल रही है?

12 Dec 2025 14:35:03
- बैंकॉक में हिरासत
- कागज़ी कार्रवाई से अटकी वापसी

Luthra BrothersImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइटक्लब में लगी भीषण आग के बाद आरोपी रेस्टोरेंट मालिक सौरभ और गौरव लुथरा (Luthra) को भारत लाने की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो चुकी है। आग हादसे के कुछ ही घंटों बाद देश से निकल गए दोनों भाई थाईलैंड के फुकेत में पकड़े गए। गिरफ्तारी के बाद उन्हें बैंकॉक स्थित Suan Phlu इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर में शिफ्ट किया गया है, जहां वे अंतिम कागज़ी औपचारिकताएँ पूरी होने तक रहेंगे। भारत से भेजी गई कानून प्रवर्तन टीम जल्द ही उनकी कस्टडी लेने की तैयारी में है।
 
पासपोर्ट रद्द होने के बाद ‘इमरजेंसी ट्रैवल सर्टिफिकेट’ जारी
भारतीय एजेंसियों ने लुथरा ब्रदर्स के पासपोर्ट रद्द कर दिए थे, जिसके चलते वे थाईलैंड के इमिग्रेशन नियमों का उल्लंघन कर बैठे। यही वजह है कि अब उनकी वापसी के लिए भारतीय दूतावास को इमरजेंसी ट्रैवल डॉक्यूमेंट जारी करना पड़ रहा है। यह प्रमाणपत्र मिलने और औपचारिकताओं के पूरा होते ही उन्हें भारत के लिए फ्लाइट में बिठाया जाएगा। उम्मीद है कि वे सोमवार तक भारत पहुंच जाएंगे।
 
भारत-थाईलैंड एजेंसियों का संयुक्त अभियान
लुथरा ब्रदर्स की वापसी के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास, CBI, रॉयल थाई पुलिस और थाई सरकार मिलकर काम कर रहे हैं। पासपोर्ट रद्द करने के साथ ही भारत ने इंटरपोल से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने का अनुरोध किया था, जिसके बाद दोनों भाई की मूवमेंट पर कड़ी नजर रखी गई। थाई अधिकारियों ने उन्हें एक होटल रूम से हिरासत में लिया। भारत लौटने पर उन पर गैर-इरादतन हत्या (कुल्पेबल होमिसाइड) और लापरवाही से जुड़े कई गंभीर आरोपों में कार्रवाई होगी। उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही दिल्ली की अदालत खारिज कर चुकी है।
 
नाइटक्लब बना ‘डेथ ट्रैप’: 25 की मौत, भड़की आलोचना
इस हादसे में 25 लोगों की मौत हुई, जबकि छह से अधिक लोग घायल हुए। हादसा आधी रात को क्रिसमस-न्यू ईयर सीज़न के दौरान हुए म्यूज़िक इवेंट में हुआ, जिसमें करीब 100 लोग मौजूद थे। शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिक फायरक्रैकर से आग लगने की आशंका है। जांच में पाया गया कि क्लब में बड़े पैमाने पर ज्वलनशील सजावट, खराब पड़े फायर एक्सटिंग्विशर्स और कई सुरक्षा उल्लंघन मौजूद थे, जिसने कुछ ही मिनटों में क्लब को मौत का जाल बना दिया। प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी लापरवाही के बावजूद क्लब कैसे चलता रहा।
Powered By Sangraha 9.0