डॉ. कृतिका रेड्डी हत्याकांड में नया मोड़! बेंगलुरु डॉक्टर का खुलासा, 'मैंने अपनी पत्नी को तुम्हारे लिए मारा'

04 Nov 2025 22:37:04
पत्नी की हत्या के बाद 4-5 महिलाओं को भेजा भयावह संदेश

Dr Krithika Reddy murder caseImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
बेंगलुरु की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. कृतिका रेड्डी (Dr Krithika Reddy) की हत्या के मामले में नया सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि उनके पति और मुख्य आरोपी डॉ. महेंद्र रेड्डी जी.एस. ने पत्नी की हत्या के बाद कुछ सप्ताह के भीतर कई महिलाओं को “I killed my wife for you” (मैंने अपनी पत्नी को तुम्हारे लिए मारा) जैसा संदेश भेजा था। पुलिस के अनुसार, विक्टोरिया अस्पताल में कार्यरत 32 वर्षीय जनरल सर्जन महेंद्र रेड्डी ने डिजिटल पेमेंट ऐप PhonePe के नोट फीचर का उपयोग करते हुए यह संदेश चार से पांच महिलाओं को भेजा। इनमें एक अन्य महिला डॉक्टर भी शामिल हैं, जिन्होंने पहले ही महेंद्र को सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर ब्लॉक कर दिया था।
 
फोन और लैपटॉप से मिले डिजिटल सबूत, पुलिस जांच जारी
महेंद्र रेड्डी की यह हरकत तब सामने आई जब पुलिस ने उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा। जांच में यह पुष्ट हुआ कि उसने PhonePe ऐप के माध्यम से कई महिलाओं को यह आपत्तिजनक संदेश भेजे थे। व्हाइटफील्ड के डीसीपी के. परशुराम ने इसकी पुष्टि की है और बताया कि डिजिटल ट्रेल की जांच पूरी हो चुकी है, जबकि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अन्य जानकारियां फिलहाल साझा नहीं की जा सकतीं। पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि महेंद्र ने इन महिलाओं से संपर्क क्यों साधा और क्या उसका मकसद उन्हें प्रभावित करना था।
 
पत्नी की हत्या में मेडिकल ज्ञान का किया दुरुपयोग, समाज में दहशत
महेंद्र रेड्डी को पुलिस ने 14 अक्टूबर 2025 को उडुपी से गिरफ्तार किया था, जो कृतिका की मृत्यु के छह महीने बाद हुआ। जांच में सामने आया कि उसने एक प्रतिबंधित एनेस्थेटिक दवा का इस्तेमाल कर कृतिका की कई अंगों में इंजेक्शन लगाए, जिससे उसकी मौत को प्राकृतिक बताया जा सके। मई 2024 में हुई शादी के बाद से दोनों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण थे। बताया जा रहा है कि महेंद्र ने अपनी पत्नी की स्वास्थ्य समस्याओं का फायदा उठाते हुए यह योजनाबद्ध हत्या की। इस पूरे मामले ने न सिर्फ चिकित्सा जगत, बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। अब पुलिस उसकी मानसिक स्थिति और इस भयावह अपराध के पीछे की मनोवैज्ञानिक वजहों की भी जांच कर रही है।
Powered By Sangraha 9.0