शिवसेना–भाजपा में टकराव तेज, जलगांव की राजनीति गरमाई

    29-Nov-2025
Total Views |
 
Kishore Patil, Ravindra Chavan
 Image Source:(Internet)
जलगांव :
राज्य के कई नगरपालिकाओं में शिवसेना (Shiv Sena) गठबंधन की हलचल के बीच जलगांव जिले की राजनीति भी उबाल पर है। भाजपा और शिवसेना नेता आमने-सामने आ गए हैं और तकरार अब खुली चुनौती के रूप में दिखाई दे रही है। शिवसेना (शिंदे गट) के विधायक किशोर पाटिल ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के कथन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि “अगर भाजपा से एक भी नगरसेवक जीत गया तो वह बड़ी बात होगी।” उन्होंने दावा किया कि भडगांव और पचोरा नगरपालिकाओं पर भगवा फहराने वाली शिवसेना ही होगी। भाजपा पर झूठ फैलाने और लोगों की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए पाटिल ने कहा “हमारा कोई उम्मीदवार नंबर दो का धंधा कर रहा है तो नाम बताएं, हम उसे निष्क्रिय कर देंगे।” इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि महाराष्ट्र स्तर पर गठबंधन जारी रखना या नहीं रखना अलग बात है, लेकिन उन्होंने 1 नवंबर को ही साफ कर दिया था कि वे गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं।
 
किशोर पाटिल का पलटवार
किशोर पाटिल ने भाजपा विधायक मंगेश चव्हाण पर भी हमला बोला और कहा कि गठबंधन से ज्यादा आत्मसम्मान जरूरी है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर व्यंग्य करते हुए कहा, “दूध का दूध और पानी का पानी होने में देर नहीं है। पीठ में छुरा घोंपने वालों से दोस्ती करने से बेहतर है कि मुकाबला खुला हो।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे छालिसगांव में अपने लोगों के खिलाफ नहीं, बल्कि महाविकास आघाड़ी के समर्थन में आए थे। उनका कहना था कि भाजपा की राजनीति अब सहयोग के बजाय आरोपों और भय के माहौल पर टिक गई है।
 
‘हमने बनाया नेता, और आज वही चुनौती दे रहा’
उधर भाजपा विधायक मंगेश चव्हाण ने पलटवार करते हुए कहा कि किशोर पाटिल भूल रहे हैं कि राजनीति में उन्हें आगे किसने बढ़ाया। चव्हाण ने कहा, “अनमेश पाटिल को नेता बनाने में शिवसेना का योगदान रहा, आज वही कह रहे हैं कि वे किसी का बैग नहीं उठाते।” उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 में किशोर पाटिल सिर्फ 2500 वोटों से जीते थे, इसलिए चुनौती देना उनकी जल्दबाजी है। उन्होंने कहा, “छालिसगांव की जनता समझदार है, पार्सल पचोरा जाएगा 3 तारीख को मिलते हैं।” इन बयानों के बाद जलगांव की राजनीतिक जंग और अधिक रोचक हो गई है।